दिल्ली कैपिटल्स का प्ले ऑफ में जगह बनाने की उम्मीदें बरकरार

नई दिल्ली। विकेटकीपर बल्लेबाज फिल सॉल्ट के तूफानी अर्धशतक से दिल्ली कैपिटल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग के एकतरफा मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर (आरसीबी) को सात विकेट से हराकर प्ले ऑफ में जगह बनाने की उम्मीदें बरकरार रखी।

आरसीबी के 182 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली ने सॉल्ट की 45 गेंद में छह छक्कों और आठ चौकों से 87 रन की पारी के अलावा कप्तान डेविड वार्नर (22) के साथ उनकी पहले विकेट की 60, मिशेल मार्श (26) के साथ दूसरे विकेट की 59 और रिली रोसेयु (22 गेंद में नाबाद 35, तीन छक्के, एक चौका) के साथ तीसरे विकेट की 52 रन की साझेदारी से 20 गेंद शेष रहते तीन विकेट पर 187 रन बनाकर जीत दर्ज की।

इस जीत के साथ दिल्ली ने आरसीबी के खिलाफ लगातार चार हार के क्रम को भी तोड़ दिया। टीम अंक तालिका में 10 मैच में आठ अंक के साथ नौवें स्थान पर है। आरसीबी की टीम 10 मैच में 10 अंक के साथ पांचवें स्थान पर बनी हुई है।

आरसीबी ने इससे पहले विराट कोहली (46 गेंद में 55 रन, पांच चौके) और महिपाल लोमरोर (29 गेंद में 54 रन, छह चौके, तीन छक्के) के अर्धशतक और दोनों के बीच तीसरे विकेट की 55 रन की साझेदारी से चार विकेट पर 181 रन बनाए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.