मालदा। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कर्नाटक के लोगों से राज्य विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को छोड़कर किसी अन्य दल को वोट देने का आग्रह करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि यदि 2024 आम चुनाव से पहले दक्षिणी राज्य में 10 मई को होने वाले चुनाव से भाजपा का ‘‘पतन’’ शुरू होता है तो उन्हें खुशी होगी। बनर्जी ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के जनसंपर्क अभियान को संबोधित करते हुए भाजपा पर अपने हितों के लिए हिंदू धर्म को बदनाम करने का भी आरोप लगाया।
बनर्जी ने कहा, ‘‘भाजपा जितनी जल्दी सत्ता से बाहर होगी, देश के लिए उतना ही अच्छा होगा… कर्नाटक विधानसभा चुनाव में लोगों को भाजपा को वोट न देकर अपनी पसंद की किसी अन्य पार्टी को वोट देना चाहिए। मुझे खुशी होगी यदि भाजपा का पतन कर्नाटक से शुरू होता है।’’ बनर्जी ने भाजपा पर आरोप लगाया कि जब भी चुनाव नजदीक आते हैं, पार्टी ‘‘झूठ फैलाती’’ है।