नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर देर रात पुलिस और कुछ पहलवानों के बीच हुई झड़प के दौरान वहां प्रदर्शन कर रहे पहलवानों के खिलाफ बल प्रयोग या पुलिसकर्मियों के नशे में होने के आरोपों को खारिज किया।
हालांकि आम आदमी पार्टी (आप) ने उन पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया है। नयी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त प्रणव तयाल ने बताया कि बुधवार की रात हुई इस झड़प में पांच पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। वहीं, पहलवानों का दावा है कि पुलिसकर्मियों ने उनकी पिटाई की और कुछ लोगों को सिर में चोट आयी है।
डीसीपी ने अपने आधिकारिक हैंडल से ट्वीट किया है, ‘‘रात के समय पर्याप्त संख्या में महिला पुलिस अधिकारी मौके पर थीं। मेडिकल परीक्षण में कोई पुलिसकर्मी शराब के नशे में नहीं मिला है। झड़प के दौरान पांच पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
उन्होंने आगे लिखा है, ‘‘पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कोई बल प्रयोग नहीं किया। एक प्रदर्शनकारी को लगी चोट के संदर्भ में, उन्होंने डॉक्टरों की सलाह के विपरीत अस्पताल से छुट्टी ले ली है और अभी तक पुलिस को बयान नहीं दिया है।’’