जांच एजेंसियों ने सारे भ्रष्टाचारियों को एक पार्टी में इकट्ठा कर दिया : केजरीवाल

नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने इस देश के सारे भ्रष्टाचारियों को एक मंच पर नहीं बल्कि एक पार्टी में इकट्ठा कर दिया।

केजरीवाल ने बुधवार को सदन में विश्वास प्रस्ताव पेश किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जगह-जगह बोल रहे हैं कि ईडी-सीबीआई ने सारे भ्रष्टाचारियों को एक मंच पर इकट्ठा कर दिया। प्रधानमंत्री के इस बयान में थोड़ी सी गलती है। ईडी और सीबीआई ने इस देश के सारे भ्रष्टाचारियों को एक मंच पर नहीं बल्कि एक पार्टी में इकट्ठा कर दिया। ईडी-सीबीआई वाले रेड मारते हैं, सिर पर बंदूक रखते हैं और कहते हैं कि जेल जाना है या भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में जाना है। सर्वश्री मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन के सिर पर भी बंदूक रखी।

दोनों ने कहा कि जेल मंजूर है, लेकिन भाजपा में जाना मंजूर नहीं है। सुभेंदु अधिकारी, मुकुल राय के सिर पर भी बंदूक रखी। इन्होंने घोटाले कर रखे थे इसलिए भाजपा में शामिल हो गये। मुख्यमंत्री ने कहा कि समय एक जैसा नहीं रहता है। समय बदलता रहता है। आज इनकी सरकार है लेकिन हमेशा तो नहीं रहेंगे।

कभी न कभी तो जाएंगे ही। उस समय भ्रष्टाचार मुक्त भारत होगा।वर्तमान सरकार ने ईडी-सीबीआई का डर दिखाकर देश के सारे लुटेरों को अपनी पार्टी में कर लिया। जिस दिन भाजपा की केंद्र से सरकार जाएगी भाजपा वालों को जेल में डाल दो, देश भ्रष्टाचार मुक्त हो जाएगा। प्रधानमंत्री को भगवान ने बहुत बड़ा मौका दिया था। इस देश की जनता ने भारी जनादेश दिया था। वो चाहते तो इस देश की सूरत बदल सकते थे।

कुछ भी कर सकते थे। लेकिन उन्होंने क्या किया- देश में भ्रष्टाचार, नफरत, लड़ाई-झगड़ा। आज देश के अंदर हर आदमी डरा हुआ है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने मीडिया को भी डरा रखा है। देश के सारे जज डरे हुए हैं। सुप्रीम कोर्ट, हाईकोर्ट और डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के जज डरे हुए हैं। उद्यमी डरे हुए हैं। ये किसी भी विपक्षी पार्टी की सरकार को नहीं चलने देते हैं। हमारी पंजाब में सरकार है। उसको बजट सत्र नहीं लाने दिया।

पंजाब सरकार को बजट सत्र कराने के लिए उच्चतम न्यायालय से आदेश लाना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि बजट सत्र की फाइल लेकर पंजाब के राज्यपाल बैठ गए थे। श्री केजरीवाल ने भाजपा से गुजारिश करते हुए कहा कि अविश्वास प्रस्ताव और विश्वास प्रस्ताव का खेल अब खत्म करो। भाजपा ने बहुत प्रयास करके देख लिया, हमारे विधायक नहीं बिकने वाले हैं। अभी हमारे 62 विधायक हैं और उम्मीद करता हूं कि 2025 के चुनाव में वापस बढ़कर 67 हो जाएंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.