After Header-1

छह आतंकवादी गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार बरामद

श्रीनगर । जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकवादी संगठल जैश-ए-मोहम्मद के छह आतंकवादी सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है।पुलिस ने यह जानकारी दी।

 आरोपी कुलगाम में ग्रेनेड हमलों, निर्दोष नागरिकों को डराने और पंचायती राज संस्थान के सदस्यों तथा अल्पसंख्यक समुदायों पर गोलाबारी करके शांतिपूर्ण माहौल को खराब करने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस और सेना ने संयुक्त अभियान चलाकर ये गिरफ्तारियां की हैं।

पुलिस ने कहा,‘‘कुलगाम जिले के मिरहमा और दमहल हांजीपोरा क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधियों को अंजाम देने के संबंध में विशेष जानकारी के आधार पर कुलगाम पुलिस और नौ राष्ट्रीय राइफल्स के संयुक्त अभियान में छह आतंकवादी सहयोगियों की गिरफ्तारी होने से बड़ी सफलता मिली है।

 गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान शाहिद अहमद पद्दर, उबैद अहमद इटू, दानिश अहमद डार, नवाज अहमद गनी, आबिद मुश्ताक और किफायत अहमद लोन के रूप में हुई है। ये सभी कुलगाम के विभिन्न गांवों के निवासी हैं। उन्होंने कहा कि आरोपियों की निशानदेही पर भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है।

जब्त किए गए हथियारों में एक पिस्तौल, पिस्तौल की एक मैगजीन, पिस्तौल की आठ गोलियां, एक हैंड ग्रेनेड, चार यूबीजीएल शेल, एके 47 की 30 गोलियां, एम4 की 446 राउंड, एम4 की आठ मैगजीन, एके 47 की एक-एक मैगजीन और इंसास, एक वायरलेस सेट और चार नंबर वॉकी-टॉकी शामिल है।

पुलिस ने कहा,‘‘प्रारंभिक जांच के दौरान यह सामने आया कि सभी अभियुक्त आतंकवादी संगठन जैश से संबद्ध थे और विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से आतंकवादी संचालकों के संपर्क में थे। गिरफ्तार आरोपी कुलगाम जिले में शांतिपूर्ण माहौल को खराब करने के लिए ग्रेनेड हमले, निर्दोष नागरिकों को डराने, पीआरआई सदस्यों, अल्पसंख्यक समुदायों और अन्य लोगों पर हमले करने के लिए आमादा थे।

पुलिस ने बताया कि कुलगाम के डीएच पोरा थाना में कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और व्यापक साजिश का पर्दाफाश करने के लिए मामले की आगे की जांच की जा रही है। 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.