भाजपा की जीत विकास के ट्रिपल इंजन मॉडल को सशक्त करेगी

वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कहा कि नगर निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत विकास के ट्रिपल इंजन मॉडल को सशक्त करेगी, जिससे वाराणसी के विकास को तीन गुना ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मैदान में आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन में श्री योगी ने केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं से संबंधित लाभार्थियों को करोड़ों की सौगात दी।

उन्होने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को घरों की चाबी सौंपी तो वहीं विद्यार्थियों में टेबलेट वितरण के अलावा एमएसएमई से जुड़े उद्योंगों के लाभर्थियों को चेक प्रदान किया।

उन्होने कहा “बीते आठ साल में हम सबने बदलती हुई काशी को देखा है। विकास की इस रफ्तार को रुकने नहीं देना है। ये हमारा सौभाग्य है कि देश की संसद में काशी का प्रतिनिधित्व दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कर रहे हैं।

देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। वैश्विक स्तर पर ऐसी घटनाएं घट रही हैं, जिससे हमारा ये अमृतकाल और भी गौरवमयी हो गया है। आज भारत उस ब्रिटेन को पछाड़ कर विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है, जिसने यहां दो सौ साल तक राज किया था। इसके अलावा अमृत काल में भारत जी 20 का नेतृत्व कर रहा है।

जी 20 के देश दुनिया के 75 फीसदी व्यापार पर अधिकार रखते हैं। इसके अलावा 85 फीसदी जीडीपी, 90 फीसदी पेटेंट पर भी इन्हीं 20 देशों का अधिकार है। यहीं पर दुनिया की 60 प्रतिशत आबादी भी निवास करती है। इन 20 देशों के नेतृत्व का अवसर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में भारत को मिला है।

मुख्यमंत्री ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि आपने आठ वर्ष में काशी को वैश्विक मंच पर छाते हुए देखा है। काशी विश्वनाथ धाम, जहां पर पहले संकरी गलियों से होकर जाना होता था और जहां पहले एक साल में एक करोड़ श्रद्धालु आते थे, आज उसका कायाकल्प हो चुका है।

आज एक महीने में ही एक करोड़ श्रद्धालु काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए आ रहे हैं। आज काशी में हर तरफ से फोर लेन कनेक्टिविटी है। लखनऊ, प्रयागराज, गाजीपुर, गोरखपुर को फोर लेन की बेहतरीन कनेक्टिविटी से जोड़ा गया है। साथ ही देश और दुनिया के तमाम शहरों से साथ वायु सेवा को जोड़ा गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.