दिल्ली-पंजाब जीत लिया, अब गुजरात जीत जाएंगे: केजरीवाल

नयी दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि देश में महंगाई, बेरोजगारी काफी ज्यादा हो गई है लेकिन भाजपा को 24 घंटे केवल इसकी चिंता है कि किसी तरह ‘आप’ को कुचल दो।
केजरीवाल ने यहां बुधवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि आम आदमी पार्टी ने पहले दिल्ली, फिर पंजाब जीत लिया और अब यह गुजरात जीत जाएंगे।

आप के कम्युनिकेशन का काम देखने वाले विजय नायर को गिरफ्तार कर लिया क्योंकि पहले पंजाब में अच्छा काम किया और अब गुजरात में कम्युनिकेशन का काम संभाल रहे थे। पिछले कुछ दिनों से रोज विजय नायर को पूछताछ के लिए बुलाकर दवाब बना रहे थे कि उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया का झूठा नाम ले लो, नहीं तो तुमको गिरफ्तार कर लेंगे।

यह लोग बुरी तरह से बौखलाए हुए हैं क्योंकि गुजरात में आम आदमी पार्टी का ग्राफ तेजी से बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश में आज बहुत ज्यादा महंगाई हो गई है। एक आम आदमी के लिए अपना घर चलाना मुश्किल होता जा रहा है। हर चीज महंगी होती जा रही है। चारों तरफ बेरोजगारी है।

लोगों के धंधे बंद हो रहे हैं। नौकरियां खत्म होती जा रही हैं। किसी भी सरकार का आज सबसे पहला काम होना चाहिए कि किस तरह से आम जनता को महंगाई और बेरोजगारी से राहत दिलवाएं। लेकिन इन्हें इसकी कोई चिंता ही नहीं है। इन्हें 24 घंटे केवल गंदी राजनीति करनी है।

इनका एक ही काम है कि किसी भी तरह से आम आदमी पार्टी और  केजरीवाल को कुचल दो। आम आदमी पार्टी ने पहले दिल्ली जीत ली, फिर पंजाब जीत लिया। अब यह गुजरात जीत जाएंगे और इसके बाद पूरा देश जीत जाएंगे। आम आदमी पार्टी और  केजरीवाल को रोको। इनके पास बस यही एक काम बचा है। उन्होंने कहा कि विजय नायर को कल इन्होंने गिरफ्तार किया है, जो कि आम आदमी पार्टी का एक छोटा सा कार्यकर्ता है। आम आदमी पार्टी के कम्युनिकेशन का काम देखता है।

इन्होंने पहले पंजाब में बहुत अच्छा काम किया और हमारी पंजाब में सरकार बन गई। अब विजय नायर गुजरात का कम्युनिकेशन का काम संभाल रहा था। गुजरात की सभी कम्युनिकेशन की रणनीति बनाता था। गुजरात का सोशल मीडिया देख रहा था। उसको इन्होंने गिरफ्तार कर लिया।

अब कह रहे हैं कि उसने दिल्ली में शराब घोटाला किया है। मुझे समझ में नहीं आता कि उसका शराब या शराब घोटाले से क्या लेना देना है? ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक ने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि अगर विजय नायर गिरफ्तार हो सकता है तो आम आदमी पार्टी का कोई भी कार्यकर्ता गिरफ्तार हो सकता है। सभी कार्यकर्ता गिरफ्तारी के लिए तैयार रहें। यह लोग आपके ऊपर भी झूठा मामला दर्ज कर आपको गिरफ्तार करेंगे। देशभर के कार्यकर्ता इसके लिए तैयार रहें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.