मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा- देश में अच्छी और मुफ्त शिक्षा के लिए युद्धस्तर पर काम करना होगा

नयी दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने  कहा कि देशभर में अच्छी और मुफ्त शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाएं देने के कार्य में अब हमें युद्धस्तर पर काम करना चाहिए, तभी भारत दुनिया का नंबर वन देश बनेगा।

केजरीवाल ने कहा कि मेरी जिंदगी का एक ही सपना है। मैं अपने जीते-जी भारत को दुनिया का नंबर वन देश देखना चाहता हूं। भारत को दुनिया का सबसे शक्तिशाली और सर्वश्रेष्ठ देश देखना चाहता हूं।

हम सब लोग चाहते हैं कि भारत एक अमीर देशों में गिना जाए। भारत अमीर कैसे बनेगा? भारत अमीर तब बनेगा, जब हर भारतवासी अमीर बनेगा। ऐसा तो नहीं हो सकता है कि भारत अमीर देश बन गया और भारत के लोग गरीब रह गए।

फिर तो भारत अमीर देश नहीं हो सकता है और ऐसा भी नहीं हो सकता है कि सारे भारतवासी अमीर हो जाएं और भारत गरीब देशों में गिना जाए। यह भी नहीं हो सकता है। भारत को अमीर देश बनाने के लिए हर भारतवासी को अमीर बनाना पड़ेगा। मैं हर गरीब आदमी को अमीर बनाना चाहता हूं।

उन्होंने कहा कि गरीब आदमी अमीर कैसे बनेंगे? आप एक कल्पना कीजिए कि एक गरीब किसान, एक गरीब मजदूर है, एक गरीब कारपेंटर, प्लंबर, इलेक्ट्रिशियल है, वो अपने बच्चे को एक सरकारी स्कूल में भेजना है और सरकारी स्कूल की हालत बहुत खराब है। उसमें पढ़ाई होती नहीं है। कोई इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं है।

दीवारें टूटी हुई हैं, छतें टपक रही हैं। तो वह बच्चा भी कुछ पढ़ेगा तो है नहीं और बड़ा होकर उसको छोटे-मोटे काम करने पड़ेंगे। गरीब का बच्चा गरीब ही रह जाएगा।

वहीं, अगर हम सरकारी स्कूलों को बहुत अच्छा कर देते हैं, स्कूल में पढ़ाई बहुत अच्छी कर देते हैं और एक किसान, मजदूर, रिक्शेवाले, प्लंबर, कारपेंटर, इलेक्ट्रिशियन, लोअर मीडिल क्लास या मीडिल क्लास का बच्चा अगर उस सरकारी स्कूल में जाता है, जहां पढ़ाई बहुत अच्छी होती है तो वहां से निकलकर वो बच्चा एक डॉक्टर, इंजीनियर बनता है, अच्छा बिजनेस करता है।

फिर वो अपने परिवार की गरीबी दूर करेगा। उसका परिवार अमीर बन जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने देश में करीब 17 करोड़ बच्चे सरकारी स्कूलों में पढ़ते हैं। इनमें से कुछ चंद स्कूलों को छोड़ दें, जो अच्छे हैं, तो देशभर में अधिकतर सरकारी स्कूलों का बहुत बुरा हाल है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.