बारिश और भूस्खलन से गंगोत्री, यमुनोत्री हाईवे बंद

उत्तरकाशी। जिले में बृहस्पतिवार को रात को हुई मूसलाधार बारिश से गंगोत्री,यमुनोत्री राजमार्ग जहां जगह-जगह भूस्खलन के कारण क्षतिग्रस्त हुआ है,वहीं विभिन्न क्षेत्रों और गांवों को जोड़ने वाले जिले के 38 लिंक मोटर मार्ग भी बंद हुए है।

कुछ क्षेत्रों मं विद्युत आपूर्ति भी बाधित हुई है। यमुनोत्री हाईवे पर जहां दोपहर बाद यातायात चालू हो गया,वहीं बंदरकोट के पास बंद गंगोत्री हाईवे यातायात के लिए नहीं खुल पाया है,जिससे यात्रियों तथा आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
गंगोत्री हाईवे पर बंदरकोट के पास प्रात: भूस्खलन होने से भारी मात्रा में मलबा जमा होने पर यातायात ठप हो गया,जिससे सडक़ के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारे लग गई। यह देखाकर प्रशासन को देवीधार संकूर्णा से वाहनों की आवाजाही शुरू करनी पड़ी,जिससे लोगों को 35 किमी अतिरिक्त दूरी तय कर सफर करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

बंदरकोट के पास गंगोत्री हाईवे पर भूस्खलन के जारी रहने से बीआरओ घंटों तक मलबा साफ करने का कार्य शुरू नहीं कर पाया है। मौके पर जेसीबी और अन्य मशीनें तैनात की गई। गंगोत्री हाईवे गंगोत्री धाम के पास पकोड़ा नाला के पास भूस्खलन होने से घंटों बंद रहा तथा दोपहर बाद मलबा साफ करने पर यहां यातायात चालू हुआ।

बंदरकोट के पास सांय साढे़ चार बजे तक भी मार्ग को यातायात के लिए चालू नहीं किया जा सका। बारिश के चलते यमुनोत्री हाईवे धरासू बैंड से लेकर सिल्क्यारा के बीच जगह-जगह भूस्खलन होने पर घंटे बंद रहा। खरादी डाबरकोट के पास भी यमुनोत्री हाईवे कई घंटों तक बाधित रहा।

बारिश के कारण जिले के 38 लिंक मोटर मार्ग भी बंद हो गए,जिनमें से 6 के यातायात के लिए खोल दिया गया तथा शेष को खोलने की कार्यवाही गतिमान है। जिलाधिकारी अभिषेक रुहेला का कहना कि बारिश और भूस्खलन से बंद यमुनोत्री हाईवे को यातायात के लिए चालू कर दिया गया है।

गंगोत्री हाईवे पर बड़कोट के पास पहाड़ी के दरकते रहने से मलबा हटाने में परेशानी हो रही है। पकोड़ा नाले के पास मार्ग को खोल दिया गया है। बंदरकोट के पास सांय तक मार्ग को खोल दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण बंद 38 आंतरिक मार्गों में से 6 खोल दिए गए है।

शेष को खोलने का कार्य गतिमान है। उनका कहना कि कुछ मोटर मार्ग को खोलने में दो तीन दिन का समय लग सकता है। आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया कि बारिश के कारण धौंतरी, संगम चट्टी और मोरी क्षेत्र के कुछ गांवों में विद्युत आपूर्ति बंद हो गई है। विद्युत आपूर्ति को बहाल करने के लिए विद्युत विभाग ने कार्य शुरू कर दिया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.