सोनिया को ईडी ने पूछताछ के लिए फिर बुलाया

नयी दिल्ली।  प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से गुरुवार को यहां पहले दौर की पूछताछ की और आगे की पूछताछ के लिए उन्हें 25 जुलाई को तलब किया है। जांच एजेंसी के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

श्रीमती गांधी से एजेंसी के मुख्यालय करीब तीन घंटे तक पूछताछ की गयी। उन्हें ईडी के समन के खिलाफ पार्टी के कार्यकर्ताओं ने राजधानी दिल्ली और देश के अन्य स्थानों पर प्रदर्शन किए। दिल्ली में प्रदर्शनकारियों से निपटने के लिए पुलिस को काफी जद्दोजेहद करनी पड़ी।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर पानी की बौछार का भी प्रयोग किया। एजेंसी ने कांग्रेस अध्यक्ष को धन शोधन निवारक अधिनियम के तहत इस मामले की जांच के सिलसिले में पहले 23 जून को तलब किया था, लेकिन उस समय वह कोरोना से संक्रमित होने के कारण स्वस्थ नहीं थीं, इसलिए उनसे पूछताछ कुछ समय के लिए टाल दी गई थी।

इस बीच कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता जयराम रमेश ने आज शाम दावा किया कि ईडी के पास आज की पूछताछ में श्रीमती गांधी से पूछने के लिए कोई सवाल नहीं बचा था और अधिकारियों ने उन्हें जाने के लिए कह दिया था। श्री रमेश ने ट्वीट किया, ‘‘ईडी ने कहा हमारे पास कोई सवाल नहीं, आप जा सकती हैं, मगर सोनिया जी ने कहा कि आपके जितने सवाल हैं, पूछिए, मैं रात आठ-नौ बजे तक रुकने को तैयार हूं। मैं (जयराम रमेश) साफ कर दूं कि सोनिया जी ने पूछताछ खत्म करने का कोई निवेदन नहीं किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.