श्रीनगर। कोतवाली क्षेत्र र्गत बिल्व केदार गदेरे में नहाने गये दो मासूम बच्चों गदेरे में बने तालाब में डूब कर मौत हो गई। उक्त खबर सुनते ही पूरे क्षेत्र में मातम छा गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों बच्चे खेलने का बहाना बनाकर घर से निकले थे।
जब देर शाम तक दोनों घर नहीं पहुंचे तो उनके परिजनों द्वारा इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी गयी। देर रात खोजबीन करने पर दोनों मासूमों के शव गदेरे में बने तालाब में डूबे हुए मिले। जैसे ही बच्चों की डूब कर मरने की सूचना घर पहुची घर में कोहराम मच गया।
एसएसआई संतोष पैथवाल ने बताया कि बीते देर रात चरण ङ्क्षसह और महेश सिंह निवासी बिल्वकेदार ने थाने पर आकर सूचना दी कि उनके बेटे सक्षम और मयंक शाम को घर से देवभूमि स्कूल की तरफ खेलने के लिए गए थे, लेकिन अभी तक वापस घर नहीं लौटे हैं।
इस पर तत्काल वरिष्ठ उप निरीक्षक संतोष पैथवाल, प्रभारी बाजार चौक उप निरीक्षक रणवीर सिंह रमोला ने पुलिस टीम के साथ बिल्वकेदार क्षेत्र में गुमशुदा बच्चों की तलाश की। वहीं, रात करीब 12:30 बजे दोनों गुमशुदा बच्चों के कपड़े बिल केदार गदेरे में बने तालाब में मिले।
जहां पर पुलिस टीम की ओर से तालाब में दोनों बच्चों की खोजा गया। काफी खोजबीन के बाद दोनों को तालाब से रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया। लेकिन मौके पर दोनों बच्चे मृत पाए गए। उन्होने बताया कि सक्षम (12) पुत्र चरण सिंह शेमफोर्ड स्कूल में कक्षा सातवीं का छात्र था। जबकि मयंक (10) पुत्र महेश सिंह देवभूमि स्कूल में कक्षा चार में पढ़ता था।