ऊखीमठ। नगर क्षेत्र ऊखीमठ में बंदरों के झुंड ने एक बुजुर्ग महिला पर जानलेवा हमला कर घायल कर दिया। स्थानीय लोगों ने महिला को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। नगर में बंदरों की ओर से हमले की बढ़ती घटनाओं पर रोक न लगने से लोगों में आक्रोश बना है।
बृहस्पतिवार को मंदिर मार्ग पर ओंकारेश्वर वार्ड निवासी इन्द्रमती देवी अपने छत में घूम रही थी। इस दौरान अचानक बंदरों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया, जिससे महिला के सिर पर गहरे घाव हुए हैं। घायल अवस्था में उन्हें पीएचसी ऊखीमठ में भर्ती कर उपचार किया गया।
दूसरी ओर जीआईसी ऊखीमठ के छात्र विद्यालय से घर की ओर जा रहे थे कि तभी बंदरों के झुंड ने छात्रों पर हमला कर दिया। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने जाकर किसी तरह बीच बचाव किया। आए दिन ऊखीमठ नगर में बंदरों से हमले की घटनाएं हो रही हैं। महीने में डेढ़ से दो दर्जन बंदरो द्वारा हमले की घटनाएं हो रही हैं।
बावजूद इसके भी प्रशासन कोई कार्यवाही नहीं कर रहा है। वहीं बंदर वृद्ध महिला एवं स्कूली बच्चों पर ज्यादा हमले कर रहे हैं, जिससे लोग आवाजाही करने में भी डर रहे हैं। साथ ही ओंकारेश्वर मंदिर के निकट बंदर के काटने की घटनाएं सबसे ज्यादा हो रही हैं।
वहीं इस संबंध में कई बार स्थानीय लोगों की ओर से प्रशासन को ज्ञापन भी भेजा गया, लेकिन इसके बाद भी कोई कार्यवाही नहीं हो पाई है। इधर, नगर पंचायत उखीमठ के ईओ मोहन सिंह बनोला ने कहा कि ऊखीमठ में जल्द बंदरों को पकड़ने का अभियान शुरू किया जाएगा।