उत्तर प्रदेश:  किसान करेंगे बांस की खेती,बंजर पड़ी भूमि पर बदलेंगे किसानों के दिन 

जौनपुर । उत्तर प्रदेश  में किसान करेंगे बांस की खेती।  जौनपुर जिले के उपायुक्त मनरेगा भूपेंद्र सिंह ने  बताया कि नदियों के किनारे उपयोग विहीन व गांव में बंजर पड़ी भूमि वाले किसानों के दिन भी बदलेंगे। जिले के 07 ब्लॉक में इस श्रकेणी की चिन्हित जमीनों के मालिक 2175 किसानों ने बांस की खेती करने के लिए सहमति जताई है।

नदी के किनारे कटान को रोकने व किसानों की आय दोगुनी करने के लिए प्रशासन की ओर से बांस की खेती को विकल्प के रूप में दिया था। इसके तहत खुटहन ब्लाक के चार गांवों के पांच सौ किसानों का चयन किया गया है। बांस उपलब्ध कराने का जिम्मा प्रयागराज की एक फर्म को दिया जाएगा।

जल्द ही इस पूरी योजना की विस्तृत रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने की बात कही जा रही है। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी मनरेगा को सौंपी गई है। हाल ही में प्राप्त सर्वे रिपोर्ट के आधार पर कुछ किसान बांस की खेती करने को आगे आए हैं, जिन्हें सूचीबद्ध किया जा रहा है।

प्रथम चरण में खुटहन ब्लाक के पिलकिछा, उदपुर दीपी, डीहिया व शेखपुर सुतौली गांव के पांच सौ किसानों को चिह्नित किया गया है। दूसरे चरण में सुजानगंज, बदलापुर, महराजगंज, सिकरारा, डोभी, व मुफ्तीगंज को शामिल किया जाएगा। किसानों को बांस की उपलब्धता भी मनरेगा के माध्यम से करायी जायेगी। जिसमे असम व जबलपुर के बांस की प्रजातियों को शामिल किया गया है।

इस पहल से न सिर्फ बेकार पड़ी भूमि की कीमत अदा हो सकेगी, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर किसानों की दशा भी सुधरेगी। एक हेक्टेयर की खेती में किसानों को दो साल में साढ़े तीन लाख रुपये तक का मुनाफा होगा। यह एक बार लगने के बाद लगातार फायदे का सौदा साबित होगा।

उन्होंने कहा कि मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अनुपम शुक्ल के नेतृत्व में नदियों के किनारे कटान को कम करने की रणनीति बनाई गई है। इसके तहत नदी किनारे की खाली पड़ी भूमि पर बांस की खेती करने का निर्णय लिया गया है, जिससे किसानों की आय बढ़ाई जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.