रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि पत्रकारिता लोकतंत्र की मजबूत आधारशिला है और समाज को सही दिशा देने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। वे रुद्रप्रयाग में आयोजित ‘ज्ञानदीप सम्मान समारोह 2026’ में बोल रहे थे, जो जिला प्रेस क्लब के 20 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए रमेश पहाड़ी, चंद्रमोहन शुक्ला और लक्ष्मी प्रसाद डिमरी को सम्मान दिया गया। इसके अलावा लोक कला एवं संस्कृति में सौरभ मैठाणी और हेमा नेगी करासी, जबकि साहित्य के क्षेत्र में मुकेश नौटियाल सहित कई प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला प्रेस क्लब के प्रतिनिधियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी सौंपा। मुख्यमंत्री ने सभी सम्मानित व्यक्तियों को बधाई देते हुए उनके कार्यों की सराहना की और कहा कि समाज के विकास में इनका योगदान सराहनीय है।
मुख्यमंत्री धामी ने बदलते समय में पत्रकारिता की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज के डिजिटल युग में सोशल मीडिया का प्रभाव तेजी से बढ़ा है। इसके चलते फेक न्यूज एक गंभीर चुनौती बनकर सामने आई है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में पत्रकारों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि वे तथ्यों की पुष्टि कर ही खबरों को प्रकाशित करें।
उन्होंने यह भी कहा कि निष्पक्ष, सटीक और विश्वसनीय पत्रकारिता ही समाज में जागरूकता और विश्वास बनाए रख सकती है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।