राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर लगाया आरोप , कहा- देश में मोदी ने दो हिंदुस्तान बना दिए हैं

दाहोद। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाते हुए कहा कि ‘गुजरात मॉडल’ को पूरे देश में लागू करते हुए मोदी ने दो हिंदुस्तान बना दिए हैं।

गांधी ने मोदी के गृह राज्य गुजरात के जनजातीय दिले दाहोद में ‘आदिवासी जनाधिकार रैली’ को सम्बोधित करते हुए कहा, ‘ मोदी ने 2014 में प्रधानमंत्री बनने से पहले जिस तरह गुजरात में काम किया उसी तरह आज पूरे देश में कर रहे हैं और जिसे गुजरात मॉडल कहा जाता था उसे पूरे देश में लागू कर रहे हैं।

वे दो हिंदुस्तान बना रहे हैं। इसमें एक अमीरों और उद्योगपतियों के लिए है जिन्हें हर सुविधा उपलब्ध है और उनके लिए कोई नियम कानून भी नहीं है।’उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरा हिंदुस्तान ऐसा है जिसमें आम आदमी हैं और उन्हें स्वास्थ्य शिक्षा अथवा अन्य तरह की कोई सुविधा नहीं है

गांधी ने कहा कि कांग्रेस ऐसे दो हिंदुस्तान के ख़लिाफ है। श्री गांधी ने कहा कि उनकी पार्टी जब सत्ता में थी तो उसने आदिवासियों, गरीबों, किसानों आदि के लिए पेसा और भूमि अधिग्रहण जैसे कानून तथा मनरेगा का प्रावधान किया। भाजपा की सरकार आदिवासियों के जमीन और अन्य संसाधन छीन कर गिने चुने उद्योगपतियों को उनके लाभ के लिए दे रही है।

उन्होंने मंच पर मौजूद कांग्रेस समर्थित दलित विधायक जिग्नेश मेवाणी की हाल में हुई गिरफ्तारी की चर्चा करते हुए कहा कि गुजरात पूरे देश में इकलौता राज्य है जहाँ आंदोलन के लिए भी अनुमति की जरूरत होती है।

श्री गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी राज्य में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव जीतने पर गुजरात का पुराना मॉडल जो सहकारिता और अमूल आंदोलन आदि पर आधारित है, को लागू करेगी। उनकी सरकार जनता की आवाज सुन कर काम करेगी ना कि भाजपा सरकार की तरह जो केवल कुछ लोगों के लिए काम करती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.