After Header-1

टीकाकरण की सभी तैयारियां पूरी : नीतीश

पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने  कहा कि राज्य में कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और इसके लिए प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है। श्री कुमार ने नालंदा चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (एनएमसीएच) में कोरोना टीका के भंडारण के लिए बनाई गई इकाई का निरीक्षण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कोविड-19 टीकाकरण की पूरी तैयारी कर ली गई है। इसके लिए प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश में बनाई गई टीके का ही इस्तेमाल किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि टीके के रखरखाव और टीकाकरण के लिए जरूरी सिरींज बड़ी संख्या में आ चुकी है। 10 जगहों पर वैक्सीन और उसकी सामग्री भेजी जाएगी, वहां से सभी जिलों में और वहां से जहां भी जरूरत होगी उसे भेजा जाएगा। इसकी तैयारियों को देखने के लिए ही वह आज यहां आए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से वैक्सीन उपलब्ध होने के बाद केंद्र के दिशा-निर्देश के अनुसार टीकाकरण शुरू होगा। श्री कुमार ने कहा कि सबसे पहले प्राथमिकता के अनुसार पर स्वास्थ्यकर्मियों फ्रंटलाइन वर्कर और उसके बाद सभी लोगों को टीका लगाया जाएगा। इसके लिए अभी से कोई तिथि निर्धारित नहीं की गई है लेकिन वह यह मानकर चल रहे हैं इसी महीने में टीकाकरण का काम शुरू होगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीकाकरण के लिए डेढ़ से दो करोड़ सिरींज आ चुके हैं। किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं होगी। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, पटना नगर निगम की महापौर सीता साहू, स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, बिहार चिकित्सा सेवायें एवं आधारभूत संरचना कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक प्रदीप कुमार झा, राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यापालक निदेशक मनोज कुमार, एनएमसीएच के अधीक्षक डॉ. विनोद कुमार पटना के जिलाधिकारी चंद्रशेखर, वरीय पुलिस अधीक्षक उपेंद्र शर्मा समेत अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे। इसके बाद मुख्यमंत्री अपने आवास लौटने के क्रम में अचानक राजधानी वाटिका पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.