उत्तराखंड विधानसभा: प्रियंका की खटीमा, हल्द्वानी और श्रीनगर में जनसभाएं

हल्द्वानी। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव प्रचार के अंतिम दिन कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार के लिए कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी बाडरा शनिवार को खटीमा, हल्द्वानी और श्रीनगर में जनसभाओं को संबोधित करेंगी। इसको लेकर तीनों स्थानों में कांग्रेस प्रत्याशी एवं चुनाव से जुड़े पदाधिकारियों ने तैयारियों को अंतिम रुप दे दिया है।

यह जानकारी प्रदेश प्रवक्ता दीपक बल्यूटिया ने दी। उन्होंने बताया कि प्रियंका गांधी दिल्ली से विशेष विमान से साढ़े ग्यारह बजे पंतनगर हवाई अड्डे में उतरेंगी। इसके बाद पौने ग्यारह बजे हेलीकाफ्टर से खटीमा पहुंचने का कार्यक्रम है। यहां थारू इंटर कालेज खटीमा में कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष एवं प्रत्याशी भुवन कापड़ी के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित करेंगी। करीब एक घंटे के बाद हल्द्वानी के लिए उड़ान भरेंगी। उनका हल्द्वानी एमबीपीजी इंटर कालेज के मैदान में सभा का कार्यक्रम है। यह सभा एक बजे से होगी।

उन्होंने बताया कि इसी मैदान में तीस दिसंबर को पीएम मोदी गरजे थे। प्रियंका यहां कांग्रेस प्रत्याशी सुमित हृदयेश के लिए वोट मांगेंगी। करीब एक घंटे बाद वे श्रीनगर की उड़ान भरेंगी। श्रीनगर में वे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के लिए एनआईटी मैदान में सभा करेंगी। चार बजे देहरादून के लिए प्रस्थान का कार्यक्रम है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.