सबको आवास व दोगुनी आय के वादे भी साबित हो गये जुमले : दिग्विजय सिंह

देहरादून। वरिष्ठ कांग्रेस नेता व मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा है कि 2022 तक सबको आवास व किसानों की आय दोगुनी करने के उसके दावे जुमले ही साबित हुए हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में जो वायदे किये हैं वे उत्तराखंड के लोगों के सुखमय और समृद्ध जीवन के सूत्र हैं।

दिग्विजय सिंह ने आज कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए महंगाई बढ़ाकर देश के आम आदमी की कमर तोड़ दी। उन्होंने कहा कि सरसों के तेल पर टैक्स 17 फीसद से बढ़ाकर 40 फीसद कर दिया, जिसके चलते दाम बढ़ गये। यही स्थिति कोयले की भी थी।

इसलिए भाजपा शासन में महंगाई चरम पर पहुंच गयी, जिससे गरीब तबके का जीना मुहाल हो गया। कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा गरीब विरोधी है, उसे इस बात की चिंता नहीं कि इस महंगाई में गरीब कैसे जी रहा होगा।

उसने 2022 तक सबको आवास व किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन यह भी सिर्फ जुमला साबित हुआ, उल्टे किसानों को महंगे हो गये खाद, बीच और रसायनों पर इतना खर्च करना पड़ रहा है कि उसे इसका अंदाजा तक नहीं था।
दिग्विजय ने कहा कि उत्तराखंड की भाजपा सरकार ने भी बेरोजगारों व आम आदमी उम्मीदें तोड़ी हैं। आज प्रदेश का हर तीसरा युवा बेरोजगार है। सितंबर 2016 से दिसंबर 2021 तक उत्तराखंड में रोजगार की दर 9.7 फीसद गिरी है।

इस दौरान 4.5 लाख लोगों ने अपनी नौकरियां गंवाई। पिछले चार साल में 4,72,804 लोगों ने सेवायोजन कार्यालय में पंजीकरण करवाया। इबसे अधिक पंजीकृत बेरोजगार 71543 देहरादून व हरिद्वार में 52623 हैं। उन्होंने कहा कि महंगाई की स्थिति यह है कि जब पूरा देश कोरोना से लड़ रहा था, तब उत्तराखंड में महंगाई की दर 8.1 फीसद थी जबकि उस दौरान राष्ट्रीय स्तर पर यह 6.2 फीसद थी।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने उद्योगपति मित्रों को लाभ पहुंचाने के लिए हर वस्तु पर टैक्स लगाया और कांग्रेस की सरकार आने पर आम आदमी के लिए काम किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.