विकास छोड़, धर्म के नाम पर लोगों को लड़ा रही है भाजपा : प्रियंका
बोली, कांग्रेस ही कर सकती है उत्तराखण्ड का संतुलित विकास, वोट की अपील
- प्रियंका गांधी ने कांग्रेस का चुनावी घोषणा पत्र किया जारी
- उत्तराखंड से अपने परिवार का भावनात्मक रिश्ता जोड़ा
देहरादून। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भाजपा पर हमला बोलते हुए वह विकास छोड़, धर्म के नाम पर लोगों को लड़ा रही है। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि वे धर्म के नाम पर न बहकें और सरकारों से विकास का अपना हक मांगें। उन्होंने इस मौके पर कांग्रेस का चुनाव घोषणा पत्र भी जारी किया और कहा कि कांग्रेस ने घोषणा पत्र में जो भी वादे किये हैं, उन्हें कांग्रेस की सरकार जरूर पूरा करेगी।
प्रियंका गांधी आज यहां देहरादून में एक वर्चुअल रैली को संबोधित कर रही थी। प्रियंका ने छत्तीसगढ़ का उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस अपने वायदों को गंभीरता से निभाती है। छत्तीसगढ़ में सरकार बनने के तीन घंटे के भीतर किसानों का कर्ज माफ कर दिया गया था। कांग्रेस नेत्री ने कहा कि आज लोगों को पहचानने की जरूरत है। जाति और धर्म की बात करने वालों से पूछिए कि विकास के बारे में उनकी सोच क्या है।
प्रियंका गांधी ने अपने परिवार का उत्तराखंड से भावनात्मक नाता बताते हुए कहा कि उनके पिता और चाचा ने यहीं देहरादून में पढ़ा था। उसके बाद उनके भाई, उन्होंने और उनके बेटे ने भी यहीं देहरादून में पढ़ई की। प्रियंका ने आज उन्हें यहां की सरकार के बारे में सुनकर दुख होता है।
जनता ने 2017 में प्रचंड बहुमत विकास के लिए दिया, लेकिन भाजपा ने सिर्फ यहां मुख्यमंत्री बदले और विकास को हासिये पर धकेल दिया। जिससे न केवल जनता के साथ किये गये वादे टूटे बल्कि लोगों की उम्मीदें भी टूटी। उन्होंने कहा कि आज उत्तराखंड में उतना ही विकास दिखता है, जितना कांग्रेस की सरकारों ने किया।
प्रियंका गांधी ने कहा कि केंद्र सरकार पर हमले करते हुए कहा कि आज पूरे देश में गन्ना किसानों का भुगतान का बकाया कुल 14 हजार करोड़ रुपये है, लेकिन सरकार ने गन्ना किसानों का भुगतान करने के बजाय प्रधानमंत्री के लिए 16 हजार करोड़ के दो जहाज खरीदे।
उन्होंने कोरोना काल की याद करते हुए कहा कि कांग्रेस ने दिल्ली और कई अन्य इलाकों में फंसे लोगों को घर भेजने के लिए बसों का इंतजाम किया था, लेकिन तब सरकार ने बसों का चलने की अनुमति ही नहीं दी। उन्होंने आक्सीजन व वैक्सीन को लेकर भी केंद्र को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि देश में सबसे ज्यादा आक्सीजन का उत्पादन होता था, लेकिन सरकार ने आक्सीजन और वैक्सीन पहले विदेशों में बेची, जिससे देश में आक्सीजन की कमी के साथ ही वैक्सीन की भी कमी हो गयी थी।
कांग्रेस नेत्री ने कहा कि उत्तराखंड के भविष्य के लिए बदलाव तभी होगा जब मतदाता जागरूक होंगे और किसी के बहकावे में न आएंगे। उन्होंने कहा कि गुमराह करने वालों की अब नहीं चलेगी। प्रियंका ने कहा कि इस सरकार ने बडे बडे उदघाटन किये। प्रचार प्रसार पर करोड़ों खर्च कर दिये, लेकिन विकास योजनाओं के लिए पैसा नहीं होने का बहाना किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में पेट्रोल डीजल इतना महंगा हो गया कि भाजपा का डबल इंजन ही ठप हो गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में महिलाओं का बोझ कम करने के लिए गैस सिलेंडर को 500 के पार नहीं जाने देने के साथ ही महिलाओं के लिए कई वादे किये हैं।
उन्होंने भरोसा जताया कि कांग्रेस सरकार आते ही इन सभी वादों पर अमल करेगी। कैनाल रोड स्थित एक वेडिंग प्वाइंट में आयोजित वर्चुअल रैली को कांग्रेस ने सभी विधानसभा क्षेत्रों में लाइव प्रसारण के लोगों के साथ जोड़ा। रैली में कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।