पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर किया तीखा प्रहार

कोलकाता । पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस भाजपा के खिलाफ गठबंधन बनाने में उनके साथ शामिल होने के लिए बहुत दंभित है।

सुश्री बनर्जी ने फिर से सर्वसम्मति से तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष निर्वाचित होने के तुरंत बाद यहां नेताजी इंडोर स्टेडियम में पार्टी की एक बैठक में कहा कि वह चाहती थीं कि सभी भाजपा विरोधी दल एक साथ आयें , लेकिन कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर दंभ जता रही है।

उन्होंने कहा, मुझे दुख है कि कांग्रेस चुनाव के दौरान भाजपा के लिए काम करती है, चाहे वह मेघालय हो या चंडीगढ़।तृणमूल कांगेस नेता ने कहा,अगर कोई सुनने के लिए तैयार नहीं है और बहुत अहंकार में रहता है, तब रवींद्रनाथ टैगोर मुझे रास्ता दिखाते हैं।

उन्होंने नोबेल पुरस्कार विजेता कवि की प्रसिद्ध कविता की पंक्ति ‘जोदि तोर डाक शुने केयू ना आसे तौबे एकला चोलो रे का उद्धरण दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि लंबे समय से मुहिम को अकेले शुरू करने के बावजूद वह सभी भाजपा विरोधी दलों को एक साथ लाने में सफल होंगी।

उन्होंने कहा,अकेले चलने के बावजूद मैं देश भर में सभी को एक साथ लाना शुरू कर दूंगी , ठीक वैसे ही जैसे कोई एक के बाद एक फूल चुनता है और माला बनाता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.