अब कांग्रेस करेगी मेरा बूथ-सबसे मजबूत’ बूथ यात्रा

किसान संगठनों के भारत बंद को कांग्रेस का पूर्ण समर्थन : गोदियाल 

  • परिवर्तन यात्रा के रिस्पांस से गदगद नजर आ रहे गोदियाल 
देहरादून। परिवर्तन यात्रा में अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। ऐसा दावा कांग्रेस का है और इसे वोट में परिवर्तित करने होने के दावे भी कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल व अन्य नेता कर रहे हैं। इसको देखते हुए कांग्रेस ने अब बूथ को मजबूत बनाने के लिए एक नयी यात्रा की शुरुआत करने का निर्णय लिया है, जिसका नारा होगा मेरा बूथ-सबसे मजबूत।
प्रदेश कांग्रेस का मानना है कि विधानसभावार चलाई जा रही ‘परिवर्तन यात्रा’ में आम आदमी की भागीदारी अच्छी रही है, इसको देखते हुए कांग्रेस नये कार्यक्रमों की तैयारी कर रही है। प्रदेश महामंत्री संगठन एवं वरिष्ठ प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी के माध्यम से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी प्रदेशभर में चलाई जा रही परिवर्तन यात्रा के उपरान्त प्रदेशभर में बूथ स्तर पर ‘‘मेरा बूथ-सबसे मजबूत’ यात्रा का आयोजन करेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि आसन्न विधानसभा चुनावों को देखते हुए पार्टी द्वारा जिला, महानगर, ब्लाक व नगर कांग्रेस कमेटियों को प्रत्येक विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में एमएलए की नियुक्ति के साथ ही बूथ कमेटियों के गठन के निर्देश दिये गये हैं। कांग्रेस का फोकस अब बूथ तक होगा।
गोदियाल ने कहा कि किसान विरोधी तीन काले कानूनों को वापस लिये जाने की मांग को लेकर देशभर के किसान गत एक वर्ष से आंदोलनरत हैं। कांग्रेस ने किसान विरोधी काले कानून वापस लेने की मांग को लेकर चलाये जा रहे किसानों के आंदोलन को समय-समय पर अपना समर्थन दिया है। किसानों ने अपनी इसी मांग को लेकर 27 सितम्बर को भारत बंद का आह्वान किया है।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व द्वारा किसान संगठनों द्वारा बुलाये गये भारत बंद को पार्टी की ओर से पूर्ण समर्थन करने का निर्णय लिया है। इसी परिप्रेक्ष्य में प्रदेश कांग्रेस द्वारा पार्टी के सभी जिला संगठनों से किसान के भारत बंद को समर्थन करने का आह्वान किया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.