नयी दिल्ली। टोक्यो पैरालंपिक में भाग लेने वाले भारतीय दल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मुलाकात की। इस दौरान खिलाड़ियों ने पीएम से अपना अनुभव साझा किए।
प्रधानमंत्री ने पैरालम्पिक दल को नाश्ते पर बुलाकर सम्मानित किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के पैरालम्पिक दल को अपने आवास पर गुरूवार को सुबह के नाश्ते पर बुलाकर सम्मानित किया और खिलाड़ियों ने उन्हें अपने हस्ताक्षर वाला एक स्टोल भेंट किया। भारतीय पैरा एथलीट पांच स्वर्ण, आठ रजत और छह कांस्य समेत 19 पदक जीतकर तोक्यो से लौटे जो अब तक खेलों में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। भारत पदक तालिका में 24वें स्थान पर रहा।
सभी पदक विजेताओं ने अपने हस्ताक्षर वाला सफेद स्टोल प्रधानमंत्री को भेंट किया जो उन्होंने गले में पहन रखा था।पैरा एथलीटों को पदक जीतने के बाद सबसे पहले फोन पर बधाई देने वाले मोदी बैडमिंटन खिलाड़ियों रजत पदक विजेता नोएडा के जिला मजिस्ट्रेट सुहास यथिराज, स्वर्ण पदक विजेता कृष्णा नागर और युवा पलक कोहली से बात करते दिखे।
पैरालम्पिक में पहली बार शामिल किये गए बैडमिंटन में भारतीयों ने चार पदक जीते जिनमें दो स्वर्ण भी थे।निशानेबाज अवनि लेखरा और सिंहराज अडाना भी प्रधानमंत्री से बात करते दिखे। दोनों ने दो दो पदक जीते हैं।