गौरतलब है कि वर्ष 2023 में उत्तरकाशी की सिलक्यारा सुरंग में 41 श्रमिक फंस गए थे। उन्हें 17 दिनों तक चले चुनौतीपूर्ण बचाव अभियान के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया था। इस रेस्क्यू अभियान की स्मृति में हर साल 28 नवंबर को प्रदेशभर में आपदा प्रबंधन दिवस मनाया जाता है।
देहरादून जिले में कोरोनेशन अस्पताल, दून अस्पताल, सीएनजी स्टेशन ट्रांसपोर्ट नगर, आशारोड़ी चेकपोस्ट, क्रॉसरोड मॉल, रोपवे गनहिल, मसूरी वन विभाग रेंज, एसडीएच प्रेमनगर और ऋषिकेश, एमडीडीए कॉलोनी आईएसबीटी, जीआईसी सेलाकुई, लाखामंडल, नालापानी और माजरी ग्रांट सहित कुल 33 स्थानों पर अभ्यास किया गया। इसके अलावा विभिन्न वन क्षेत्रों, बिजली परियोजनाओं, जल संस्थान और सिविल डिफेंस से जुड़े स्थलों को भी मॉक ड्रिल में शामिल किया गया।
वनाग्नि से निपटने का भी किया अभ्यास
वनाग्नि की घटनाओं से निपटने की तैयारियों को जांचने के लिए चकराता वन प्रभाग की रिवर रेंज के तिलवाड़ी बीट स्थित कक्ष संख्या-08 में मॉक ड्रिल हुई। आग लगने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया और बचाव प्रक्रिया का अभ्यास किया गया।
आशारोड़ी में सड़क हादसे का किया गया रिहर्सल
आशारोड़ी चेकपोस्ट के पास सड़क दुर्घटना पर आधारित मॉक ड्रिल में आठ घायलों को रेस्क्यू किया गया। इनमें दो गंभीर घायलों को श्री महंत इंद्रेश अस्पताल भेजा गया, जबकि छह अन्य को मेडिकल एड पोस्ट पर प्राथमिक उपचार दिया गया। दुर्घटनास्थल पर डीजल रिसाव से आग लगने की आशंका को नियंत्रित करने का अभ्यास भी किया गया। इसके बाद क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सुचारु कराया गया।

