After Header-1

50 से अधिक देशों के विशेषज्ञ जुटे देहरादून में, धामी ने आपदा प्रबंधन के लिए खोला अंतरराष्ट्रीय मंच

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 का शुभारंभ किया। तीन दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में 50 से अधिक देशों के प्रतिनिधि, आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ, वैज्ञानिक, शिक्षाविद्, विश्वविद्यालयों और तकनीकी संस्थानों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, देहरादून के कॉरपस फंड के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मेलन उत्तराखंड के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमताओं और अनुभवों को साझा करने का महत्वपूर्ण अवसर है। इसके माध्यम से विभिन्न देशों में आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों, अनुसंधान और नवाचारों पर चर्चा होगी। साथ ही आपदाओं से निपटने के लिए सामूहिक रणनीति तैयार करने में भी मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि सम्मेलन दुनिया के अलग-अलग क्षेत्रों और देशों को एक साझा मंच पर जोड़ रहा है। इसमें 30 से अधिक राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों और 30 से अधिक सहयोगी संस्थानों की भागीदारी भी सुनिश्चित की गई है। इसका उद्देश्य आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में वैश्विक अनुभवों का आदान-प्रदान और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करना है।

सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन बना सामूहिक साहस की मिसाल

मुख्यमंत्री ने 28 नवंबर के दिन को उत्तराखंड के लिए विशेष महत्व का बताते हुए वर्ष 2023 के सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान को याद किया। उन्होंने कहा कि सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को 17 दिनों के अथक प्रयासों के बाद सुरक्षित बाहर निकालना मानवता, साहस और सामूहिक संकल्प की ऐतिहासिक सफलता थी। उस दौरान पूरा देश श्रमिकों की सलामती के लिए प्रार्थना कर रहा था। सुरंग के बाहर उनके परिजनों की चिंता और प्रदेशवासियों की उम्मीदें इस अभियान से जुड़ी हुई थीं।

धामी ने कहा कि इस चुनौतीपूर्ण अभियान में इंजीनियरों, वैज्ञानिकों, सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, केंद्रीय और राज्य की एजेंसियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा स्थानीय नागरिकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विशेष रूप से रैट माइनर्स का योगदान उल्लेखनीय रहा। जब बड़ी मशीनों से बचाव कार्य में कठिनाइयां आईं, तब रैट माइनर्स ने अपने अनुभव और कौशल से अंतिम चरण में सफलता दिलाई। यह अभियान आधुनिक तकनीक, मानवीय संवेदनशीलता, धैर्य और सामूहिक प्रयासों के बेहतर समन्वय का उदाहरण बना।

जलवायु परिवर्तन ने बढ़ाई आपदा प्रबंधन की चुनौती

मुख्यमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण पूरी दुनिया में प्राकृतिक आपदाओं की घटनाएं बढ़ रही हैं। कहीं अत्यधिक बारिश और बाढ़ जनजीवन को प्रभावित कर रही है तो कहीं सूखा, भूस्खलन, वनाग्नि और असामान्य मौसमी परिस्थितियां नई चुनौतियां पैदा कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं का प्रभाव केवल जनहानि और संपत्ति के नुकसान तक सीमित नहीं रहता, बल्कि कृषि, अर्थव्यवस्था, प्राकृतिक संसाधनों और सामाजिक व्यवस्था पर भी पड़ता है। ऐसे में आपदा प्रबंधन को किसी एक देश या राज्य की जिम्मेदारी मानकर नहीं देखा जा सकता। इसके लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग, वैज्ञानिक अनुसंधान और अनुभवों को साझा करना जरूरी है।

हिमालयी क्षेत्रों की संवेदनशीलता पर विशेष ध्यान देने की जरूरत

धामी ने कहा कि उत्तराखंड सहित पूरा हिमालयी क्षेत्र भौगोलिक और पर्यावरणीय दृष्टि से बेहद संवेदनशील है। वर्ष 2013 की केदारनाथ आपदा, 2021 की चमोली आपदा और सिलक्यारा सुरंग की घटना ने स्पष्ट किया है कि पर्वतीय क्षेत्रों में विकास के साथ पर्यावरणीय संतुलन और सुरक्षा को प्राथमिकता देना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, नेपाल, भूटान और तिब्बत सहित पूरे हिमालयी क्षेत्र की चुनौतियां काफी हद तक समान हैं। इसलिए सम्मेलन में हिमालयी क्षेत्रों की समस्याओं, आपदा जोखिमों और उनके समाधान पर विशेष रूप से चर्चा होनी चाहिए। हिमालय की सुरक्षा केवल पर्वतीय राज्यों का विषय नहीं है, बल्कि इससे करोड़ों लोगों का भविष्य और जीवन भी जुड़ा हुआ है।

AI और ड्रोन तकनीक से मजबूत होगा आपदा प्रबंधन

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक का उपयोग समय की जरूरत है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मशीन लर्निंग, रिमोट सेंसिंग, जीआईएस, सैटेलाइट मॉनिटरिंग और ड्रोन तकनीक के माध्यम से आपदा संभावित क्षेत्रों की बेहतर निगरानी की जा सकती है।

इन तकनीकों की मदद से जोखिम का पूर्व आकलन करने, समय रहते चेतावनी जारी करने और प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक का लाभ केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि प्रदेश के अंतिम गांव तक इसकी पहुंच सुनिश्चित की जानी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने पारंपरिक ज्ञान और आधुनिक विज्ञान के समन्वय पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन को केवल राहत एवं बचाव कार्यों तक सीमित रखने के बजाय इसमें पूर्व तैयारी, जोखिम न्यूनीकरण, पुनर्वास और पुनर्निर्माण को भी शामिल करना होगा।

घर और गांव से शुरू होनी चाहिए आपदा से निपटने की तैयारी

सम्मेलन की थीम ‘रेजिलिएंस स्टार्ट्स एट होम-एंटीसिपेटिंग रिस्क्स, बिल्डिंग रेजिलिएंस, ट्रांसफॉर्मिंग फ्यूचर’ का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा से निपटने की तैयारी की शुरुआत घर और स्थानीय समुदाय से होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि आपदा के समय केवल सरकारी एजेंसियों पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं है। प्रत्येक नागरिक को सुरक्षा के जरूरी उपायों और आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं की जानकारी होनी चाहिए। गांवों, विद्यालयों, पंचायतों और स्थानीय संस्थाओं को भी इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

प्रशिक्षित युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों और समुदाय आधारित चेतावनी प्रणालियों की मदद से आपदाओं के प्रभाव को काफी हद तक कम किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने सम्मेलन के हाइब्रिड और विकेंद्रीकृत आयोजन की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि छह महाद्वीपों में एक साथ आयोजित सत्रों के माध्यम से दुनिया भर के विशेषज्ञों को जोड़ने के साथ यात्रा से होने वाले कार्बन उत्सर्जन को कम करने का प्रयास भी किया गया है।

उत्तराखंड में पूर्व चेतावनी और बचाव व्यवस्था को किया जा रहा मजबूत

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रबंधन की तैयारियों को लगातार बेहतर बना रही है। इसके तहत राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) को मजबूत करने, आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने, पूर्व चेतावनी प्रणाली विकसित करने और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

विभिन्न विभागों और बचाव एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के साथ स्थानीय समुदायों को भी प्रशिक्षित किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तेजी से संचालित हों और प्रभावित परिवारों को समय पर सहायता मिल सके।

उन्होंने कहा कि आपदा के बाद पुनर्वास और पुनर्निर्माण भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं। प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को दोबारा सामान्य जीवन की ओर लौटाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाना चाहिए।

धराली आपदा में मिला मानवीय संवेदना का संदेश

मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी के धराली क्षेत्र में आई आपदा का जिक्र करते हुए अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि प्रतिकूल मौसम और कठिन परिस्थितियों के बावजूद वह स्वयं हेलीकॉप्टर से प्रभावित क्षेत्र पहुंचे थे। वहां उन्होंने आपदा प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।

इस दौरान गुजरात की एक महिला ने उन्हें अपना धर्मभाई मानते हुए राखी बांधी थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उनके लिए भावनात्मक और यादगार अनुभव रहा। यह प्रसंग आपदा के समय लोगों के बीच बने विश्वास, अपनत्व और मानवीय रिश्तों की ताकत को दर्शाता है। ऐसे कठिन समय में प्रभावित परिवारों का भरोसा सरकार की जिम्मेदारी को और बढ़ा देता है।

विकास के साथ पर्यावरण और जनसुरक्षा का संतुलन जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास की कोई भी परियोजना मानव जीवन और सुरक्षा से अधिक महत्वपूर्ण नहीं हो सकती। इसलिए प्रत्येक विकास योजना में पर्यावरण संरक्षण, सुरक्षा मानकों और आपदा प्रबंधन से जुड़े पहलुओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे संवेदनशील पर्वतीय राज्य में विकास और पारिस्थितिकी के बीच संतुलन बनाना बेहद जरूरी है। सुरक्षित और टिकाऊ विकास के लिए वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी नवाचार, प्रशिक्षण और स्थानीय लोगों की भागीदारी को एक साथ आगे बढ़ाना होगा।

धामी ने विश्वास जताया कि विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 में होने वाला विचार-विमर्श उत्तराखंड के साथ पूरे हिमालयी क्षेत्र और दुनिया के अन्य आपदा संवेदनशील क्षेत्रों के लिए उपयोगी साबित होगा। उन्होंने कहा कि सम्मेलन से निकलने वाले सुझाव भविष्य में नई नीतियों, बेहतर तकनीकों और अंतरराष्ट्रीय सहयोग का आधार बन सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने सम्मेलन के सफल आयोजन की कामना करते हुए आयोजक संस्थाओं, विशेषज्ञों और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में योगदान देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.