After Header-1

अब 25 साल तक की युवतियों को मिलेगा हुनर सीखने का मौका, हरिद्वार से नव्या 2.0 लॉन्च

हरिद्वार। देश की किशोरियों और युवा महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में केंद्र सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने शनिवार को हरिद्वार स्थित उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम् में संयुक्त रूप से नव्या 2.0 का शुभारंभ किया।

नव्या (NAVYA) महिला एवं बाल विकास मंत्रालय और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की संयुक्त पहल है। इसका उद्देश्य किशोरियों और युवतियों को व्यावसायिक प्रशिक्षण देकर रोजगार तथा स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। योजना के दूसरे चरण में देश के 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 100 जिलों को शामिल किया जाएगा। इसमें आकांक्षी और दुर्गम क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

नव्या 2.0 की सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इसमें प्रशिक्षण के लिए पात्रता आयु सीमा 16 से 18 वर्ष के बजाय बढ़ाकर 16 से 25 वर्ष कर दी गई है। इससे अधिक संख्या में युवतियां इस योजना का लाभ उठा सकेंगी। प्रशिक्षण उद्योगों की मौजूदा जरूरतों और भविष्य में उभरने वाले रोजगार क्षेत्रों के अनुरूप दिया जाएगा। इसमें गैर-पारंपरिक रोजगार के विकल्पों को भी शामिल किया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा करने वाली युवतियों को नौकरी, अप्रेंटिसशिप और उद्यमिता से जोड़ने का प्रयास होगा।

कार्यक्रम के बेहतर संचालन के लिए जिला स्तर पर समान मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) लागू की जाएगी। स्किल इंडिया डिजिटल हब (एसआईडीएच) के माध्यम से अभ्यर्थियों को पंजीकरण से लेकर प्रमाणन तक सहायता मिलेगी। इसके साथ ही प्रशिक्षण की प्रगति और रोजगार से जुड़ाव की निगरानी भी की जाएगी।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना विकसित भारत 2047 का सपना पूरा नहीं हो सकता। महिलाएं केवल विकास योजनाओं की लाभार्थी नहीं, बल्कि विकास की नेतृत्वकर्ता भी बनें। उन्होंने कहा कि सरकार बालिकाओं की शिक्षा, कौशल और आजीविका के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि नव्या 2.0 का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण में नामांकन कराना नहीं, बल्कि प्रत्येक युवती को प्रशिक्षण से लेकर रोजगार और आजीविका तक सहयोग देना है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.