After Header-1

उत्तराखंड चुनाव को लेकर कांग्रेस का बड़ा मंथन, 70 सीटों पर प्रत्याशियों की तलाश शुरू

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने सभी 70 विधानसभा सीटों पर मजबूत प्रत्याशियों की तलाश और चुनावी रणनीति तैयार करने की कवायद शुरू कर दी है। इसी सिलसिले में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष दीपा दासमुंशी शनिवार को कमेटी के सदस्य अनिल चौधरी और पाल भाई आंबलिया के साथ देहरादून पहुंचीं।

उनके पहुंचने के बाद प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक हुई, जिसमें राज्य की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की स्थिति और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य करन माहरा और उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

इसके बाद स्क्रीनिंग कमेटी ने प्रदेश कांग्रेस राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) के सदस्यों के साथ भी बैठक की। इसमें प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों के राजनीतिक समीकरणों और संभावित प्रत्याशियों की दावेदारी पर विस्तार से विचार किया गया। पार्टी नेताओं ने प्रत्याशियों की संगठनात्मक सक्रियता, क्षेत्र में उनके जनाधार और स्थानीय कार्यकर्ताओं से मिलने वाले फीडबैक को महत्वपूर्ण आधार माना।

बैठक में चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, विधायक ममता राकेश, विक्रम सिंह नेगी और रवि बहादुर, पूर्व मंत्री नवप्रभात, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा और महेंद्र पाल सिंह भी शामिल हुए। इनके अलावा महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, सेवादल अध्यक्ष हेमा पुरोहित और एनएसयूआई अध्यक्ष विकास नेगी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठकों में प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने और क्षेत्रवार राजनीतिक परिस्थितियों के आकलन पर जोर दिया गया। कांग्रेस नेतृत्व का प्रयास है कि चुनाव से पहले मजबूत दावेदारों की पहचान कर संगठन को सक्रिय किया जाए और सभी विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी की स्थिति मजबूत बनाई जाए। स्क्रीनिंग कमेटी के इस दौरे को कांग्रेस की चुनावी तैयारियों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.