After Header-1

उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग के सदस्यों को मिल सकता है बड़ा तोहफा, मानदेय 6 हजार से बढ़ाकर 25 हजार करने की मांग

देहरादून। उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग के नामित सदस्यों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। आयोग के सदस्यों का मासिक मानदेय छह हजार रुपये से बढ़ाकर 25 हजार रुपये किए जाने की मांग पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सकारात्मक रुख दिखाया है। उन्होंने इस प्रस्ताव पर उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया है।

आयोग के अध्यक्ष बलजीत सोनी ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने शुक्रवार को मुख्यमंत्री से मुलाकात कर आयोग से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने नामित सदस्यों के मानदेय में बढ़ोतरी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।

सोनी ने मुख्यमंत्री को बताया कि आयोग के सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण, जनसुनवाई, बैठकों और निरीक्षण के माध्यम से अल्पसंख्यक समुदायों की समस्याओं के समाधान तथा उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए काम करते हैं। इसके बावजूद उन्हें वर्तमान में केवल छह हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है, जो उनकी जिम्मेदारियों के लिहाज से काफी कम है।

उन्होंने उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग और उत्तराखंड के अन्य आयोगों का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां नामित सदस्यों का मानदेय 25 हजार रुपये प्रतिमाह किया गया है। ऐसे में उत्तराखंड में भी समान कार्य और जिम्मेदारी के आधार पर सदस्यों को समान मानदेय मिलना चाहिए।

सोनी के अनुसार, उन्होंने 16 नवंबर को भी मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर इस संबंध में अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री ने मांग पर उचित निर्णय लेने का भरोसा दिलाया है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.