After Header-1

हेमंत सोरेन के राजनीतिक सफर पर आईं दो किताबें, मुख्यमंत्री को की गईं भेंट

‘हूल से हेमंत तक’ में आदिवासी संघर्षों का इतिहास, अंग्रेजी पुस्तक में गिरफ्तारी से चुनावी वापसी तक का सफर

 रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के राजनीतिक जीवन और झारखंड की संघर्षपूर्ण यात्रा पर केंद्रित दो नई पुस्तकों का विमोचन चर्चा में है। पत्रकार एवं लेखक डॉ. सोमनाथ आर्य ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर उन्हें हिंदी और अंग्रेजी में लिखी अपनी दोनों पुस्तकें भेंट कीं। इस दौरान प्रकाशक संस्था ‘और एक प्रयास’ की अध्यक्ष लक्ष्मी कुमारी भी मौजूद रहीं।

इनमें 470 पृष्ठों की हिंदी पुस्तक ‘हूल से हेमंत तक—आदिवासी अस्मिता, सत्ता और संघर्ष की अनकही दास्तान’ झारखंड के आदिवासी आंदोलनों और हेमंत सोरेन की राजनीतिक यात्रा पर केंद्रित है। पुस्तक में संताल हूल, बिरसा मुंडा के उलगुलान और अलग झारखंड राज्य आंदोलन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि के साथ वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य को जोड़ा गया है। इसके ‘प्रतिरोध की कीमत’ अध्याय में जमीन, आदिवासी पहचान और राजनीतिक हिस्सेदारी जैसे मुद्दों को दुनिया के मूलनिवासी आंदोलनों के संदर्भ में प्रस्तुत किया गया है।

वहीं, 605 पृष्ठों की अंग्रेजी पुस्तक ‘The Invisible Coup: Hemant Soren, Jharkhand and the Politics of Power’ में 48 अध्याय हैं। इसमें जनवरी 2024 में मुख्यमंत्री पद से हेमंत सोरेन के इस्तीफे और गिरफ्तारी से लेकर 149 दिनों की हिरासत, रिहाई और विधानसभा चुनाव में मिली राजनीतिक वापसी तक के घटनाक्रम को दर्ज किया गया है। पुस्तक में गिरफ्तारी से पहले और रिहाई के बाद लिए गए साक्षात्कार भी शामिल हैं।

अंग्रेजी पुस्तक के एक विशेष फोटो अध्याय में दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन के बाद हेमंत सोरेन के व्यक्तिगत शोक और पारिवारिक जिम्मेदारियों को भी स्थान दिया गया है। दोनों पुस्तकों का प्रकाशन ‘और एक प्रयास’ संस्था ने किया है। ये पुस्तकें झारखंड के राजनीतिक इतिहास, आदिवासी आंदोलन और सत्ता के संघर्ष को समझने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.