After Header-1

उत्तराखंड के सरकारी दफ्तरों में बढ़ेगा AI का इस्तेमाल, मुख्य सचिव ने बनाई नई रणनीति

देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी कामकाज को अधिक प्रभावी, सरल और आधुनिक बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया जाएगा। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सूचना प्रौद्योगिकी विभाग को इसके लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तकनीक के क्षेत्र में तेजी से बदलाव हो रहे हैं और एआई का उपयोग लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में राज्य के शासकीय कार्यों में भी इसका प्रभावी इस्तेमाल सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

मुख्य सचिव ने सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर सरकारी कामकाज में एआई के उपयोग की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि शासन और प्रशासन के विभिन्न कार्यों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की उपयोगिता को देखते हुए इसके व्यापक इस्तेमाल की दिशा में ठोस पहल करने की जरूरत है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभिन्न एआई टूल्स के उपयोग को प्रोत्साहित किया जाए। साथ ही सभी विभागों की कार्यप्रणाली का अध्ययन कर यह पता लगाया जाए कि किन कार्यों में एआई तकनीक का व्यावहारिक रूप से बेहतर इस्तेमाल किया जा सकता है।

मुख्य सचिव ने कहा कि एआई के माध्यम से सरकारी कामकाज को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाने की संभावनाओं पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। इसके लिए विभागवार आवश्यकताओं का आकलन कर ऐसी कार्ययोजना बनाई जाए, जिसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा सके।

उन्होंने सूचना प्रौद्योगिकी विभाग को इस दिशा में आवश्यक पहल करने और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया।

सरकार की इस पहल का उद्देश्य आधुनिक तकनीक को प्रशासनिक व्यवस्था से जोड़ना और सरकारी कार्यों में उसकी उपयोगिता बढ़ाना है। इससे भविष्य में विभागीय कामकाज को अधिक तकनीक आधारित बनाने की दिशा में मदद मिल सकती है।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.