सीडीओ ने बृहस्पतिवार को विकास भवन सभागार में विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक की। इस दौरान राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित क्लस्टर लेवल फेडरेशन, मॉडल क्लस्टर लेवल फेडरेशन और विकासखंड स्तर पर लखपति दीदी योजना के निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति पर चर्चा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने वित्तीय साक्षरता प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को आगामी 10 दिसंबर तक निर्धारित लक्ष्य का 50 प्रतिशत हासिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को वित्तीय रूप से जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए।
बैठक में आचार संहिता लागू होने से पहले स्वयं सहायता समूहों के पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में निर्धारित धनराशि हस्तांतरित करने के निर्देश भी दिए गए। सीडीओ ने कहा कि इस कार्य में अनावश्यक देरी न की जाए और सभी औपचारिकताएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।
रीप ग्रामोत्थान परियोजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने प्रत्येक विकासखंड में निर्माणाधीन कलेक्शन सेंटरों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग करने और निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की समीक्षा के दौरान आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थिति का पीपीटी के माध्यम से विस्तृत जायजा लिया गया। सीडीओ ने सड़कों के हस्तांतरण में आ रही बाधाओं को दूर करने और संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने पर जोर दिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा करें और लंबित मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं का लाभ समय पर पहुंच सके।

