मुख्यमंत्री गुरुवार को अग्निकांड प्रभावित पवाणी गांव पहुंचे और पीड़ित परिवारों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने ग्रामीणों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर हुए नुकसान और उनकी जरूरतों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है और प्रभावित परिवारों को दोबारा सामान्य जीवन की ओर लौटाने के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल आवास और जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सर्दी बढ़ने और बर्फबारी की संभावना को देखते हुए ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे किसी भी परिवार को मौसम की मार न झेलनी पड़े।
अग्निकांड में घरों के साथ ग्रामीणों का छह माह का सुरक्षित रखा राशन भी जलकर नष्ट हो गया है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के लिए आगामी छह महीने के राशन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाद्यान्न के साथ ही दैनिक जरूरतों की पूर्ति का भी विशेष ध्यान रखा जाए।
बच्चों की शिक्षा को लेकर भी मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाई। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अग्निकांड के कारण किसी भी बच्चे की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए। जरूरत के अनुसार विद्यालय की व्यवस्था की जाए, ताकि उनकी शिक्षा लगातार जारी रह सके। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की जरूरतों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पवाणी गांव की भविष्य की जरूरतों को देखते हुए जलाशय, हेलीपैड सहित अन्य विकास कार्य भी कराए जाएंगे। फिलहाल सरकार का पूरा ध्यान प्रभावित परिवारों को राहत देने और उनके जीवन को फिर से पटरी पर लाने पर है।

