गोपेश्वर। ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण क्षेत्र की लंबित जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी कर ली है। क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं में सुधार नहीं होने से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक दिसंबर से आंदोलन शुरू करने का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो धरना-प्रदर्शन के साथ क्रमिक अनशन शुरू किया जाएगा।
इस संबंध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने एसडीएम अबरार अहमद के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजा। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि गैरसैंण क्षेत्र लंबे समय से स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रहा है, लेकिन समस्याओं के समाधान की दिशा में अपेक्षित कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने गैरसैंण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करने और उप जिला चिकित्सालय का संचालन शुरू करने की मांग उठाई। अस्पताल में सर्जन, फिजिशियन, हड्डी रोग, बाल रोग और महिला रोग विशेषज्ञों की नियुक्ति के साथ नियमित ओपीडी और आवश्यक चिकित्सा संसाधन उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।
कांग्रेस ने क्षेत्र की सभी सड़कों के डामरीकरण और सुधारीकरण की मांग उठाते हुए कहा कि बेहतर सड़क सुविधाएं स्थानीय लोगों के साथ ही दूरदराज के गांवों के लिए भी जरूरी हैं। इसके अलावा राजकीय पॉलिटेक्निक में सिविल इंजीनियरिंग और फार्मेसी की कक्षाएं शुरू करने की मांग की गई।
शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गैरसैंण में केंद्रीय विद्यालय खोलने तथा राजकीय महाविद्यालय में एमएससी की कक्षाएं संचालित करने की मांग भी रखी। वहीं, औषधीय एवं सगंध पादप संस्थान हरगढ़ (भरसार) में पर्याप्त कर्मचारियों की नियुक्ति और पिछले दो-तीन वर्षों से बंद पड़ी कक्षाओं को दोबारा शुरू करने की मांग की गई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं का समाधान नहीं होने पर जनता को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा। इस दौरान युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष मनमोहन नेगी, सेवादल जिलाध्यक्ष सुरेंद्र रावत, जगदीश ढौंडियाल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

