After Header-1

रोहतक के ढाबे पर खूनी खेल, चार युवकों की सरेआम हत्या

रोहतक। हरियाणा के रोहतक में अपराधियों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। खरावड़ गांव के पास स्थित मिलन ढाबे पर देर रात खाना खा रहे चार युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात खरावड़ पुलिस चौकी के नजदीक हुई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। शुरुआती जांच में इस हत्याकांड को गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, चारों युवक मिलन ढाबे पर खाना खा रहे थे। इसी दौरान हमलावर वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। अचानक हुई फायरिंग से ढाबे पर अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने से चारों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

मृतकों में तीन युवक झज्जर जिले के डीघल गांव के रहने वाले थे, जबकि चौथा युवक बेरी क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस इस सामूहिक हत्याकांड के पीछे आपसी रंजिश और गैंगवार की आशंका को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर वारदात के तार भाऊ और सन्नी रिटोलिया के बीच चल रही गैंगवार से जुड़ने की बात सामने आई है। इसके अलावा पिछले दिनों डीघल गांव में हुई एक युवक की हत्या से भी इस घटना के संबंध तलाशे जा रहे हैं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक हामिद अख्तर और पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से जानकारी ली। सीआईए, स्पेशल सेल और एफएसएल की टीमें साक्ष्य जुटाने के साथ हमलावरों की पहचान और वारदात के कारणों का पता लगाने में जुटी हैं।

उधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण रोहतक पीजीआई पहुंच गए। चारों शव पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई लाए गए हैं। अस्पताल परिसर में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस चौकी के नजदीक हुई इस वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.