After Header-1

मंगलौर को मिली विकास की सौगात, कन्या डिग्री कॉलेज से पुल तक कई घोषणाएं

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मंगलौर के समग्र विकास और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। क्षेत्र की विकास संबंधी जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए सरकार आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से लेकर किसानों और आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास कर रही है। बुधवार को हरिद्वार जिले के मंगलौर में आयोजित जन आशीर्वाद रैली में मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज के नवनिर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र की छात्राओं को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। इसके साथ ही लिब्बरहेड़ी में गंगनहर पर वर्षों से बंद पड़े पुल का निर्माण कराया जाएगा। नारसन खुर्द में नाले की सफाई और पक्के नाले का निर्माण भी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने मंगलौर से गुरुकुल बाईपास की ओर जाने वाली सराय राजवाहे की पटरी बनाने, टिकौला कलां में ग्राम सुथराड़ा की ओर जाने वाले सिलाखाला पर तटबंध निर्माण तथा ग्राम ब्रह्मपुर जट में मदन के मकान से योगेंद्र के मकान तक सड़क बनाने की भी घोषणा की।

किसानों की मांगों पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक रुख दिखाया। ट्यूबवेल के बिजली बिल माफ करने की मांग पर उन्होंने कहा कि इस विषय का परीक्षण कराया जाएगा। वहीं, गन्ना मूल्य बढ़ाने के मुद्दे पर उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए जल्द निर्णय लेगी। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी गन्ना मूल्य में वृद्धि की गई थी और इस वर्ष भी किसानों को राहत देने का प्रयास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से सड़क, शिक्षा, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मंगलौर अपनी सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और मेहनतकश लोगों के लिए विशेष पहचान रखता है। यहां के किसान, व्यापारी, श्रमिक और छोटे उद्यमी क्षेत्र की अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव हैं। सरकार मंगलौर की विकास संभावनाओं को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.