मुलाकात के दौरान सतपाल महाराज ने दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों का उल्लेख करते हुए आपसी सहयोग को नई दिशा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के रिश्ते केवल पड़ोसी देशों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों देशों के बीच गहरी भावनात्मक निकटता और साझा सांस्कृतिक विरासत भी है।
महाराज ने भारत-नेपाल के बीच हाल ही में हुए द्विपक्षीय समझौतों और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की सफल भारत यात्रा के लिए भी नेपाली राजदूत को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन सकारात्मक प्रयासों से दोनों देशों के बीच सहयोग के नए अवसर विकसित होंगे और आपसी संबंधों को मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर सतपाल महाराज ने नेपाली राजदूत डॉ. निश्चलनाथ पांडे के उस दृष्टिकोण की सराहना की, जिसमें उन्होंने भारत और नेपाल के बीच भावनात्मक निकटता को ठोस एवं परिणामोन्मुख आर्थिक साझेदारी में बदलने की प्रतिबद्धता जताई है।
उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार, पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और विभिन्न विकासात्मक क्षेत्रों में सहयोग की व्यापक संभावनाएं हैं। आपसी विश्वास और बेहतर समन्वय के माध्यम से इन संभावनाओं को धरातल पर उतारा जा सकता है।
मुलाकात को भारत-नेपाल के पारंपरिक मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

