After Header-1

भारत-नेपाल के रिश्तों की अनूठी मिसाल है झनकईया मेला, सीएम धामी ने की बड़ी घोषणा

 खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर खटीमा के ऐतिहासिक झनकईया गंगा स्नान मेले का शुभारंभ किया। उन्होंने मेले का फीता काटने के बाद शारदा नदी तट पर पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शारदा कॉरिडोर के तहत झनकईया और काला पुल के समीप नवनिर्मित पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र में स्नान घाटों के निर्माण की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कार्तिक पूर्णिमा और गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि झनकईया मेला धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और परंपराओं का अनूठा संगम है। वर्षों से आयोजित हो रहा यह मेला हमारी सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्होंने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर लगने वाला यह मेला दोनों देशों के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों को मजबूत करता है। भारत और नेपाल के बीच रोटी-बेटी का रिश्ता रहा है। दोनों देशों की परंपराएं और लोक संस्कृति एक-दूसरे से गहराई से जुड़ी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले में सीमांत क्षेत्रों के अलावा उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और व्यापारी पहुंचते हैं। थारू समाज सहित विभिन्न समुदायों की भागीदारी, लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक रीति-रिवाज इसकी विशेष पहचान हैं। मेले से स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों और छोटे उद्यमियों को भी अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार और बिक्री का अवसर मिलता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ लोक संस्कृति और पारंपरिक आयोजनों के संरक्षण को भी प्राथमिकता दे रही है। सीमांत एवं जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आवास सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम-जनमन के तहत जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान दिए जा रहे हैं। उत्तराखंड के लिए 50 हजार अतिरिक्त आवास स्वीकृत किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जनजातीय क्षेत्रों में आश्रम पद्धति विद्यालयों, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों, आईटीआई और छात्रावासों का विस्तार किया जा रहा है। वहीं, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और वन धन केंद्रों के माध्यम से जनजातीय महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.