After Header-1

महिला पत्रकार को कवरेज से रोकने पर गरमाई सियासत, गणेश गोदियाल ने उठाए सवाल

देहरादून। श्रीनगर में आयोजित बैकुंठ चतुर्दशी मेले के दौरान महिला पत्रकार गंगा असनोड़ा थपलियाल के साथ पुलिस द्वारा कथित अभद्र व्यवहार और मुख्यमंत्री के भाषण की कवरेज से रोके जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने इस घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा गंभीर मामला बताया है। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

गोदियाल ने कहा कि गंगा असनोड़ा थपलियाल वरिष्ठ दिवंगत पत्रकार पुरुषोत्तम असनोड़ा की बेटी हैं और पत्रकारिता की परंपरा से जुड़ी हुई हैं। ऐसे में एक महिला पत्रकार को अपने पेशेवर दायित्वों का निर्वहन करने से रोकना और उनके साथ कथित अभद्र व्यवहार करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर मुख्यमंत्री के भाषण की कवरेज करने से महिला पत्रकार को किस आधार पर रोका गया?

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। उनका काम जनता की आवाज को शासन और सत्ता तक पहुंचाना तथा जनहित से जुड़े सवाल उठाना है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में पत्रकारों को स्वतंत्र रूप से काम करने का अवसर मिलना चाहिए। सरकार को पत्रकारों के सवालों से बचने के बजाय उनका जवाब देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पत्रकारों को समाचार संकलन और कवरेज से रोकना उनकी स्वतंत्रता को प्रभावित करने वाला कदम है। इस तरह की घटनाएं लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए उचित नहीं हैं। सत्ता और प्रशासन को मीडिया के प्रति सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करना चाहिए।

गोदियाल ने यह भी कहा कि श्रीनगर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत करते हैं। उनके क्षेत्र में महिला पत्रकार के साथ इस तरह की घटना सामने आना चिंताजनक है।

उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और संबंधित पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय की जाए। साथ ही गंगा असनोड़ा थपलियाल के सम्मान, सुरक्षा और स्वतंत्र रूप से पत्रकारिता करने के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.