After Header-1

धर्मपुर में चुनावी तैयारी तेज, वैभव वालिया के कार्यालय उद्घाटन पर प्रीतम सिंह ने साधा धामी सरकार पर निशाना

  देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने अभी से अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के राष्ट्रीय संचार सचिव वैभव वालिया के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में जुटने और संगठन को मजबूत बनाने का संदेश दिया।

कार्यालय उद्घाटन के अवसर पर प्रीतम सिंह ने प्रदेश की धामी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार के मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लग रहे हैं और सरकार महिला सुरक्षा के मोर्चे पर भी विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा को आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी स्थिति का अंदाजा हो गया है, इसलिए महिलाओं को 10 हजार रुपये देने जैसी घोषणाओं के जरिए उन्हें लुभाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रीतम सिंह ने महिला अपराधों और कानून व्यवस्था की स्थिति पर भी सरकार से जवाब मांगा।

उन्होंने वैभव वालिया की सराहना करते हुए उन्हें ऊर्जावान, कर्मठ और संगठन के प्रति समर्पित युवा नेता बताया। उन्होंने कहा कि वैभव वालिया ने अपनी मेहनत और कार्यशैली से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। उम्मीद है कि वह धर्मपुर क्षेत्र में जनता के बीच सक्रिय रहकर कांग्रेस संगठन को नई मजबूती देंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी एकजुटता के साथ चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

इस अवसर पर वैभव वालिया ने कहा कि धर्मपुर विधानसभा उनके लिए केवल राजनीतिक क्षेत्र नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं को समझने और उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ने का माध्यम है। उन्होंने युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों और समाज के सभी वर्गों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का भरोसा दिलाया। साथ ही प्रीतम सिंह के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार जताया।

कार्यक्रम में रामकुमार वालिया, गरिमा मेहरा दसौनी, सुरभि द्विवेदी, नानक चंद, राव नसीम, मनमोहन शर्मा, पीयूष गौड़, सुलेमान अंसारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.