After Header-1

अब आपदा आने से पहले मिलेगा अलर्ट, उत्तराखंड ने मजबूत किया सुरक्षा तंत्र

देहरादून। प्राकृतिक आपदाओं की दृष्टि से संवेदनशील उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक निगरानी और त्वरित राहत-बचाव प्रणाली पर विशेष जोर दे रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में पूर्व चेतावनी प्रणाली से लेकर जनजागरूकता और प्रशिक्षण तक कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जहां आपदा प्रबंधन के लिए पृथक विभाग का गठन किया गया है।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर अब प्रत्येक वर्ष 28 नवंबर को प्रदेश में आपदा प्रबंधन दिवस मनाया जाएगा। इस वर्ष 25 से 28 नवंबर तक विद्यालयों, सरकारी कार्यालयों, विकासखंडों और तहसील स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम, मॉक ड्रिल और प्रशिक्षण गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। मुख्य कार्यक्रम 27 नवंबर को सचिवालय स्थित विश्वकर्मा भवन के वीर चंद्र सिंह गढ़वाली सभागार में होगा, जिसमें मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

आपदा प्रबंधन के संस्थागत ढांचे को मजबूत करने के लिए वर्ष 2007 में उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) का गठन किया गया। इसके बाद वर्ष 2014 में राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की स्थापना की गई। वर्ष 2025 में घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (आईआरएस) को राज्य, जनपद और तहसील स्तर तक विस्तारित किया गया। वहीं, वर्ष 2022 में उत्तराखंड लैंडस्लाइड मिटिगेशन एंड मैनेजमेंट सेंटर को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में स्थापित किया गया।

प्रदेश में आपदा की निगरानी और समय रहते चेतावनी जारी करने के लिए तकनीकी संसाधनों का भी विस्तार किया गया है। वर्तमान में राज्य में 525 हाइड्रो-मौसमी सेंसर स्थापित हैं। इनमें 432 मौसम सेंसर, 87 हाइड्रोलॉजिकल सेंसर, तीन डॉप्लर वेदर रडार और तीन लाइटनिंग सेंसर शामिल हैं। इसके अलावा 434 से अधिक सेटेलाइट फोन उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में संचार व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।

सरकार की ओर से आपदा से निपटने के लिए प्रशिक्षण और जनभागीदारी पर भी जोर दिया जा रहा है। वर्ष 2020-21 से 2025-26 के बीच आयोजित 2,339 प्रशिक्षण कार्यक्रमों में 2,69,038 लोगों को प्रशिक्षित किया गया। अकेले वर्ष 2025-26 में 972 कार्यक्रमों के माध्यम से 1,19,497 प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया गया।

इसके साथ ही जीआईएस आधारित जोखिम मानचित्रण, बाढ़ और जलभराव का आकलन तथा संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है। चमोली के वसुधारा ताल में राज्य की पहली सेंसर आधारित ग्लेशियल झील पूर्व चेतावनी प्रणाली स्थापित की गई है। वनाग्नि, भूकंप, बाढ़, मानसून और चारधाम यात्रा जैसे संभावित जोखिमों से निपटने के लिए नियमित मॉक ड्रिल भी आयोजित की जा रही हैं। दो जुलाई 2026 को राज्य स्तरीय मानसून मॉक ड्रिल आयोजित की गई थी।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.