देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर उत्तराखंड की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने लैंसडाउन विधायक दिलीप रावत के बयान पर पलटवार करते हुए भाजपा पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने पूछा कि अंकिता के माता-पिता को दी गई आर्थिक सहायता क्या उनकी आवाज दबाने और न्याय की मांग से पीछे हटाने की कीमत थी?
गोदियाल ने कहा कि अंकिता के माता-पिता लगातार अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए आवाज उठा रहे हैं, लेकिन भाजपा नेताओं को उनका यह संघर्ष रास नहीं आ रहा है। ऐसा प्रतीत होता है कि भाजपा चाहती है कि आर्थिक सहायता मिलने के बाद परिवार चुप बैठ जाए और न्याय की मांग करना छोड़ दे।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने दिलीप रावत को चुनौती देते हुए कहा कि वे पहले यह स्पष्ट करें कि भाजपा सरकार ने अंकिता के परिवार को कुल कितनी आर्थिक सहायता दी थी। कांग्रेस इस पूरी धनराशि को सरकार को लौटाने के लिए तैयार है। हालांकि, उन्होंने सवाल किया कि क्या भाजपा सरकार इसकी गारंटी देगी कि रकम लौटाने के बाद भी अंकिता के माता-पिता को न्याय मांगने से नहीं रोका जाएगा? उन्होंने कहा कि आर्थिक सहायता किसी परिवार के न्याय मांगने के अधिकार को खरीदने का माध्यम नहीं हो सकती।
गोदियाल ने कहा कि अंकिता भंडारी का मामला मुआवजे या आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक बेटी की अस्मिता, सम्मान और न्याय से जुड़ा सवाल है। माता-पिता को अपनी बेटी के लिए न्याय मांगने का संवैधानिक और नैतिक अधिकार है। भाजपा नेताओं को इस अधिकार पर सवाल उठाने के बजाय जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए।
दिलीप रावत के धारी देवी की कसम और चरित्र प्रमाण पत्र संबंधी बयान पर भी गोदियाल ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वह न तो किसी को चरित्र प्रमाण पत्र देने के लिए अधिकृत हैं और न ही हरक सिंह रावत या दिलीप रावत के चरित्र पर प्रमाण पत्र देने का कोई अधिकार रखते हैं। किसी व्यक्ति के चरित्र का आकलन उसके बयान, आचरण और सार्वजनिक जीवन की भूमिका से होता है, न कि राजनीतिक मंचों पर खाई गई कसमों से।
उन्होंने भाजपा नेताओं पर धार्मिक आस्था और देवी-देवताओं के नाम का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि धारी देवी के नाम की कसमें खाने से सवाल खत्म नहीं होंगे और न ही प्रकरण की सच्चाई बदलेगी।
गोदियाल ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने की लड़ाई जारी रहेगी। उत्तराखंड की जनता इस मामले को भूली नहीं है। जब तक अंकिता को न्याय नहीं मिलता, तब तक सवाल उठते रहेंगे। किसी बेटी के न्याय की आवाज को आर्थिक सहायता के नाम पर दबाया नहीं जा सकता।

