After Header-1

बिसलेरी के पानी में मिले हानिकारक तत्व, FSSAI ने दी मुकदमा चलाने की मंजूरी

नई दिल्ली। देश के प्रमुख पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर ब्रांड बिसलेरी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) की प्रयोगशाला जांच में कंपनी के पानी के एक नमूने में निर्धारित सीमा से अधिक ब्रोमेट पाए जाने के बाद उसे असुरक्षित घोषित किया गया है। मामले में प्राधिकरण ने कंपनी के खिलाफ कानूनी मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है।

यह मामला बिसलेरी इंटरनेशनल के गोवा स्थित निर्माण संयंत्र से लिए गए पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के नमूने से जुड़ा है। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है। हालांकि, अभियोजन की मंजूरी मिलने का मतलब यह नहीं है कि कंपनी दोषी साबित हो गई है। इसका अंतिम फैसला न्यायालय में होने वाली सुनवाई के बाद ही होगा।

प्रयोगशाला की शुरुआती जांच में पानी के नमूने में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाई गई, जबकि निर्धारित अधिकतम सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है। यानी नमूने में इस रासायनिक तत्व का स्तर तय मानक से अधिक दर्ज किया गया।

ब्रोमेट को स्वास्थ्य के लिहाज से चिंताजनक माना जाता है। अंतरराष्ट्रीय कैंसर अनुसंधान एजेंसी और अमेरिकी पर्यावरण संरक्षण एजेंसी ने इसे संभावित कैंसरकारी तत्व के रूप में वर्गीकृत किया है। ऐसे में पेयजल में इसकी निर्धारित सीमा से अधिक मौजूदगी गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।

दूसरी प्रयोगशाला में भी नमूना असुरक्षित

शुरुआती जांच रिपोर्ट से असहमति जताते हुए कंपनी ने दोबारा जांच कराने की मांग की थी। इसके बाद नमूने को रेफरल फूड लेबोरेटरी भेजा गया। वहां जांच में पॉली-न्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन्स (पीएएच) की मौजूदगी भी सामने आई। दूसरी प्रयोगशाला ने भी नमूने को असुरक्षित घोषित किया। इसके बाद एफएसएसएआई ने अभियोजन की मंजूरी दी।

कंपनी ने रखा अपना पक्ष

बिसलेरी ने कहा है कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है और वह गुणवत्ता नियंत्रण के कड़े मानकों का पालन करती है। कंपनी ने नमूने में ब्रोमेट का स्तर 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर होने की बात स्वीकार की, लेकिन दावा किया कि उसकी स्वतंत्र प्रयोगशाला जांच में इसकी मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर मिली थी।

कंपनी ने नियामक के साथ सहयोग जारी रखने और कानूनी प्रक्रिया के तहत अपना पक्ष रखने की बात कही है। अब इस मामले में अदालत की कार्यवाही और जांच रिपोर्टों पर सबकी नजर रहेगी।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.