After Header-1

राहुल गांधी की पोस्ट पर भड़के हिमंत सरमा, शिव-पार्वती का नाम लेकर दिया जवाब

गुवाहाटी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने राहुल गांधी पर भारतीय धार्मिक और आध्यात्मिक परंपराओं को ठीक से समझे बिना उनका इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि देवी-देवताओं की नकल करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने अपनी प्रतिक्रिया में शिव और पार्वती का उल्लेख करते हुए कांग्रेस नेता पर निशाना साधा।

मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने रविवार देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर राहुल गांधी की टिप्पणी पर सवाल उठाए। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि क्या राजीव गांधी और सोनिया गांधी अब शिव और पार्वती बन गए हैं? उन्होंने कहा कि जब नए-नए धर्म अपनाने वाले लोग हमारी विरासत को समझे बिना उसे अपनाने और प्रस्तुत करने की कोशिश करते हैं, तो ऐसी स्थिति पैदा होती है। भारतीय परंपराओं से कुछ भी ग्रहण करने से पहले उसके मूल अर्थ और महत्व को समझना जरूरी है।

डॉ. सरमा ने अपनी पोस्ट में अर्धनारीश्वर की अवधारणा का भी उल्लेख किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अर्धनारीश्वर केवल वैवाहिक प्रेम का प्रतीक या पत्नी के पति की गोद में बैठने का चित्रण नहीं है, बल्कि सनातन धर्म के गहरे आध्यात्मिक दर्शन को दर्शाता है। इस स्वरूप में भगवान शिव और शक्ति को एक ही अविभाज्य सत्ता के रूप में प्रस्तुत किया गया है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, ब्रह्मांड के संचालन में चेतना और ऊर्जा तथा पुरुष और स्त्री एक-दूसरे के पूरक हैं। इन्हें अलग-अलग करके नहीं देखा जा सकता। उन्होंने कहा कि भारतीय धार्मिक और आध्यात्मिक प्रतीकों का इस्तेमाल करने से पहले उनकी वास्तविक भावना और दर्शन को समझना चाहिए।

दरअसल, राहुल गांधी ने एक्स पर एक चित्र साझा करते हुए लिखा था कि भारतीय आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं को जितनी गहराई से वे समझ रहे हैं, उतनी ही स्पष्टता सामने आ रही है। इसी पोस्ट में उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया था कि पुरुष-प्रधान सोच रखने वाले लोगों को भारतीय आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं की समझ नहीं है।

राहुल गांधी की इस टिप्पणी के बाद अब मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा के जवाब से राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.