देहरादून। पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने रविवार को देहरादून में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्धजनों और गणमान्य नागरिकों के सम्मान में आत्मीय दोपहर भोज का आयोजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ अतिथियों को भेंट की। कार्यक्रम विभिन्न राजनीतिक विचारधाराओं और सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों के बीच संवाद एवं विचारों के आदान-प्रदान का साझा मंच बना।

आयोजन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के अलावा चिकित्सक, पूर्व प्रशासनिक अधिकारी, वरिष्ठ पत्रकार, साहित्यकार, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता और वामपंथी दलों के प्रतिनिधियों सहित करीब 60 से 70 विशिष्ट लोग शामिल हुए। भोज से पहले हरीश रावत ने स्वयं प्रत्येक अतिथि के पास पहुंचकर उन्हें सोनिया गांधी की पुस्तक भेंट की।
इस दौरान कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा ने भी पद्मश्री बसंती बिष्ट, पूर्व मुख्य सचिव सहित अन्य अतिथियों को पुस्तक भेंट की। उन्होंने सोनिया गांधी के साथ बिताए आत्मीय पलों के अनुभव साझा करते हुए कहा कि उनके व्यक्तित्व में आत्मीयता और ममत्व का विशेष भाव है। उनके साथ बिताए पल हमेशा अविस्मरणीय रहेंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भी सैलजा के विचारों का समर्थन किया। उन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए इस आयोजन को आपसी संवाद और संबंधों को मजबूत करने की अच्छी पहल बताया।
दोपहर भोज के बाद अतिथियों ने पुस्तक की विषयवस्तु, उसके भावनात्मक पक्ष और उसमें व्यक्त अनुभवों पर अपनी प्रतिक्रियाएं साझा कीं। उपस्थित लोगों ने हरीश रावत की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय बाद विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय मित्रों और परिचितों के साथ एक मंच पर बैठकर संवाद करने का अवसर मिला। सोनिया गांधी की पुस्तक उपहार में मिलने से यह मुलाकात और भी खास बन गई।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत, गुरदीप सिंह सप्पल, करन माहरा, काजी निजामुद्दीन, प्रकाश जोशी, प्रदीप टम्टा, भुवन कापड़ी, मनोज यादव, सुरेंद्र शर्मा, शूरवीर सिंह सजवाण, सुरेंद्र अग्रवाल, गरिमा मेहरा दसौनी और सुमित्रा भुल्लर सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
इसके अलावा पूर्व मुख्य सचिव नृप सिंह नपच्याल, सेवानिवृत्त आईएएस विनोद शर्मा एवं चंद्र सिंह नपच्याल, पद्मश्री कल्याण सिंह रावत, पद्मश्री बसंती बिष्ट, वामपंथी नेता इंद्रेश मैखुरी, समर भंडारी और राजेंद्र सिंह नेगी सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों ने कार्यक्रम में शिरकत की।

