After Header-1

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय बढ़ाने पर सीएम धामी का जताया आभार, दिसंबर से मिलेगा लाभ

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को मुख्यमंत्री आवास में आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखंड और उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडलों ने मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधियों ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और भोजनमाताओं के मानदेय में दिसंबर 2026 से बढ़ोतरी किए जाने की घोषणा पर मुख्यमंत्री का आभार जताया।

प्रतिनिधिमंडलों ने कहा कि राज्य सरकार के इस निर्णय से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को आर्थिक संबल मिलेगा। लंबे समय से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर पहुंचाने में जुटी इन कर्मचारियों का मनोबल भी बढ़ेगा। उन्होंने मानदेय वृद्धि को कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं प्रदेश में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक बाल विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। वे सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में भी अहम कड़ी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सेवाएं बेहद महत्वपूर्ण हैं। वे बच्चों के पोषण, गर्भवती महिलाओं और माताओं की देखभाल तथा प्रारंभिक शिक्षा से जुड़े कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मातृशक्ति के सम्मान, सशक्तीकरण और आर्थिक सुरक्षा के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं समाज की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके योगदान को देखते हुए सरकार उनके हितों के संरक्षण और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और इस कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कर्मचारियों को भी उचित सम्मान और सहयोग मिले।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.