After Header-1

उत्तराखंड की सभी 70 सीटों पर AAP की नजर, केजरीवाल ने दी चुनावी तैयारी को हरी झंडी

 देहरादून। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। आम आदमी पार्टी (आप) ने प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। पार्टी के इस फैसले के बाद आगामी चुनाव में मुकाबला त्रिकोणीय के बजाय चतुष्कोणीय होने की संभावना बढ़ गई है। दिल्ली में गुरुवार को पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और उत्तराखंड इकाई के पदाधिकारियों के बीच हुई बैठक में सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की रणनीति को मंजूरी दी गई।

प्रदेश अध्यक्ष उमा सिसोदिया ने बताया कि बैठक में केजरीवाल ने पार्टी को पूरी ताकत के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने और सभी 70 सीटों पर प्रत्याशी उतारने की हरी झंडी दे दी है। बैठक में प्रदेश की पूरी स्टेट कमेटी मौजूद रही। प्रदेश इकाई ने संगठन को मजबूत करने के लिए तैयार किए गए रोडमैप और अब तक किए गए कार्यों की जानकारी भी राष्ट्रीय नेतृत्व के सामने रखी।

सिसोदिया के मुताबिक, अरविंद केजरीवाल जल्द ही देहरादून आएंगे। इस दौरान वे उन विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे, जहां पार्टी अपनी स्थिति मजबूत मान रही है। उनके साथ वरिष्ठ नेता संजय सिंह और मनीष सिसोदिया के भी उत्तराखंड आने की संभावना है। केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी प्रदेश इकाई के पदाधिकारियों के साथ बैठक की जानकारी साझा करते हुए कार्यकर्ताओं के उत्साह की सराहना की।

2022 के प्रदर्शन से आगे निकलने की तैयारी

गौरतलब है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में आप ने 70 में से 66 सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे, लेकिन पार्टी एक भी सीट नहीं जीत सकी थी। उसका वोट प्रतिशत भी चार फीसदी से कम रहा था। इस बार प्रदेश अध्यक्ष उमा सिसोदिया ने जीत का बड़ा दावा करने के बजाय जनता का भरोसा हासिल करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी सभी 70 सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ेगी और इस बार उत्तराखंड में अपना खाता खोलने के लिए प्रयासरत है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के उस बयान पर भी सिसोदिया ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने आप के चुनाव लड़ने से भाजपा को फायदा होने की बात कही थी। सिसोदिया ने इसे कांग्रेस की कमजोरी का संकेत बताया।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.