गौरतलब है कि बीती चार नवंबर को सुई डूंगरी गांव में गुलदार ने 13 वर्षीय छात्र हर्षित पुजारी पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया था। इस घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया था। अभिभावक बच्चों को स्कूल भेजने से भी डरने लगे थे। वहीं, शाम होते ही गांव की सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता था।
घटना के बाद वन विभाग ने गुलदार को पकड़ने के लिए व्यापक अभियान चलाया। इसके तहत क्षेत्र में छह पिंजरे और 20 कैमरा ट्रैप लगाए गए। एसडीओ सुनील कुमार और रेंजर रमेश चंद्र जोशी के नेतृत्व में 15 सदस्यीय टीम लगातार गश्त कर रही थी। अभियान में दो ट्रेंकुलाइज टीमें भी तैनात की गई थीं।
रेंजर रमेश चंद्र जोशी ने बताया कि शुक्रवार तड़के गलचौड़ा के पास गुलदार दिखाई देने पर टीम ने ट्रेंकुलाइज गन से उसे बेहोश कर सुरक्षित पकड़ लिया। पशु चिकित्सक डॉ. हिमांशु पांगती के अनुसार पकड़ा गया गुलदार वयस्क नर है। वह घटनास्थल के काफी नजदीक मिला है, इसलिए उसके हमले में शामिल होने की आशंका है।
एसडीओ सुनील कुमार ने बताया कि गुलदार के हमलावर होने की पुष्टि के लिए उसके डीएनए नमूने देहरादून फोरेंसिक लैब भेजे जाएंगे। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
उधर, ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्रवाई पर आभार जताया है। साथ ही क्षेत्र में अन्य गुलदारों की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए पिंजरे लगाए रखने और नियमित गश्त जारी रखने की मांग की है।

