After Header-1

10 जिलों से गुजरेगी 658 किमी की MTB रेस, 18 राज्यों के साइकिलिस्ट दिखाएंगे दमखम

 मुक्तेश्वर। उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय एडवेंचर टूरिज्म के मानचित्र पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से शुक्रवार को अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज-2026 का आगाज हुआ। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुक्तेश्वर से साइकिल रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। करीब 658 किलोमीटर लंबी यह रोमांचक यात्रा प्रदेश के 10 जिलों से गुजरते हुए 26 नवंबर को मसूरी में संपन्न होगी।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री कैड़ा ने कहा कि उत्तराखंड में इस तरह के साहसिक खेलों का आयोजन प्रदेश के लिए गर्व की बात है। मुक्तेश्वर से प्रतियोगिता की शुरुआत होना भी विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों को विकास की एक साझा धारा से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे आयोजन प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाएंगे।

सचिव पर्यटन धीराज सिंह गर्ब्याल ने बताया कि प्रतियोगिता में 18 राज्यों के साथ एयरफोर्स, आर्मी और आईटीबीपी के कुल 66 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। इसके लिए 80 लोगों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 14 विभिन्न कारणों से प्रतिभाग नहीं कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य केवल साइकिलिंग प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि उत्तराखंड को माउंटेन बाइकिंग और साहसिक खेलों का प्रमुख केंद्र बनाना है। इसके माध्यम से देश-विदेश के पेशेवर साइकिलिस्ट और पर्यटकों को प्रदेश की ओर आकर्षित किया जाएगा।

गर्ब्याल ने बताया कि सरकार शीतकालीन पर्यटन को भी बढ़ावा देना चाहती है, ताकि पर्यटन गतिविधियां केवल गर्मियों और चारधाम यात्रा तक सीमित न रहें। ऐसे आयोजनों से ऑफ सीजन में होटल, होमस्टे और स्थानीय कारोबार को लाभ मिलेगा। साथ ही ग्रामीण युवाओं के लिए गाइड, परिवहन, खानपान और पर्यटन सेवाओं में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के माध्यम से उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, खानपान, परंपराओं, जैव विविधता और प्राकृतिक सौंदर्य को भी देश-दुनिया तक पहुंचाया जाएगा। कम प्रसिद्ध पर्वतीय क्षेत्रों को पर्यटन मानचित्र पर पहचान दिलाना भी इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।

इस दौरान केएमवीएन के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, सीडीओ अरविंद कुमार पांडेय, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट सहित पर्यटन विभाग के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.