देहरादून, 19 नवंबर। उत्तराखंड में स्टार्टअप्स, उद्यमियों और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 21 से 23 नवंबर तक तीन दिवसीय इंडस्ट्री वेलनेस एक्सपो एवं देवभूमि पिचाथॉन-2026 का आयोजन किया जाएगा। जिला उद्योग केंद्र, कोटद्वार की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम यमकेश्वर के स्वर्गाश्रम स्थित परमार्थ निकेतन घाट हॉल में होगा। इसमें प्रदेश के उद्यमियों, स्टार्टअप संचालकों, निवेशकों और उद्योग विशेषज्ञों को एक मंच पर आने का अवसर मिलेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्टार्टअप इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत-2047 के विजन के अनुरूप आयोजित इस एक्सपो का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड के आयुष, वेलनेस और मेडिकल टूरिज्म से जुड़े उद्योगों को नई पहचान दिलाना है। इसके साथ ही स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों और हस्तशिल्प को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण देवभूमि पिचाथॉन-2026 होगा। इसमें स्टार्टअप्स और उद्यमी अपने नए उत्पादों, व्यावसायिक योजनाओं और नवाचार आधारित परियोजनाओं को उद्योग विशेषज्ञों तथा संभावित वेंचर कैपिटल निवेशकों के सामने प्रस्तुत कर सकेंगे। चयनित परियोजनाओं को निवेश के माध्यम से आर्थिक सहयोग मिलने की संभावना है। इसके लिए नई दिल्ली के एसआरआई फंड सहित विभिन्न संस्थागत वित्तीय संस्थाओं को आमंत्रित किया गया है।
एक्सपो में आयुर्वेद, योग, प्राकृतिक चिकित्सा, मेडिकल टूरिज्म, हर्बल एवं ऑर्गेनिक उत्पाद, न्यूट्रास्यूटिकल्स, हेल्थटेक, टेलीमेडिसिन, डिजिटल हेल्थकेयर, फिटनेस, मेडिकल डिवाइस और पारंपरिक हस्तशिल्प जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) के तहत तैयार स्थानीय उत्पादों को भी बाजार उपलब्ध कराने का प्रयास होगा।
इस आयोजन में नए उद्योग स्थापित करने, मौजूदा इकाइयों का विस्तार करने और कारोबार में विविधीकरण करने के इच्छुक उद्यमी हिस्सा ले सकेंगे। शुरुआती और ग्रोथ स्टेज के वे स्टार्टअप्स भी आवेदन कर सकते हैं, जिनके पास बाजार के लिए तैयार उत्पाद या व्यवहार्य परियोजना प्रस्ताव हैं।
प्रतिभागियों को निवेशकों से सीधे संवाद, संभावित फंडिंग, व्यावसायिक साझेदारी और विभागीय सहयोग का अवसर मिलेगा। साथ ही राज्य सरकार की प्रोत्साहन योजनाओं, सब्सिडी और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक सोमनाथ गर्ग ने इच्छुक उद्यमियों और स्टार्टअप्स से कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है। इच्छुक प्रतिभागी www.udyamgrowth.com पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।

