After Header-1

पंजाब में बड़ा हादसा: भाखड़ा नहर पर बना पुल अचानक टूटा, दो ट्रक नदी में धंसे

चंडीगढ़, 19 नवंबर। पंजाब में पटियाला-संगरूर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। भाखड़ा नहर पर बना लोहे का पुल अचानक टूटकर ध्वस्त हो गया। हादसे के समय पुल से गुजर रहे दो ट्रक भी टूटे हुए हिस्से में धंस गए। इनमें से एक ट्रक में आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुल टूटने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा पटियाला-संगरूर बाइपास पर गांव पसियाना के पास हुआ। बताया जा रहा है कि गुरुवार तड़के अचानक पुल का एक हिस्सा टूट गया। उस समय वहां से दो ट्रक गुजर रहे थे, जो पुल के टूटे हिस्से में फंस गए। हादसे के बाद एक ट्रक में आग लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया।

पुल टूटने से भाखड़ा नहर का पानी भी प्रभावित हुआ और पानी पुल के ऊपर से बहने लगा। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर यातायात रोक दिया। इसके चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।

फिलहाल दोनों ट्रकों में कितने लोग सवार थे और उनकी स्थिति क्या है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। प्रशासन की ओर से उनकी तलाश और हादसे की परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

बताया गया है कि करीब 150 फीट लंबा यह लोहे का पुल वर्ष 2016 में बनकर तैयार हुआ था। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, पिछले साल पुल पर कुछ दरारें दिखाई दी थीं, जिसके बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने इसकी मरम्मत कराई थी। हालांकि, पुल अचानक किस वजह से टूटा, इसका वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.