बलरामपुर, 19 नवंबर। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में घने कोहरे के कारण हुए भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बुधवार मध्य रात्रि करीब 11 बजे उतरौला थाना क्षेत्र के अक्सीबड़हरा गांव के पास हुआ। दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत के बाद कई लोग इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि घने कोहरे के बीच दो मोटरसाइकिलों की टक्कर हो गई। इस दौरान सड़क से गुजर रहे कुछ पैदल राहगीर भी हादसे की चपेट में आ गए। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान गुफरान (18), निवासी बरदही, सलीम (20) निवासी बड़हरा खुर्द गौरियनडीह, रहमत (30) निवासी चन्द्रापुर चिताई, तौफीक (19) निवासी छपरतलवा और मोहम्मद फारूक (20) निवासी बड़हरा खुर्द के रूप में हुई है। सभी मृतक बलरामपुर जिले के रहने वाले थे।
वहीं, हादसे में मुजम्मिल खान (20) और नाहिद अली (18), निवासी बड़हरा खुर्द गौरियनडीह गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। उनकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को भी हादसे की सूचना दे दी है।
मौके से दुर्घटनाग्रस्त दोनों मोटरसाइकिलों के अलावा दो टूटे हुए हेलमेट और एक मृत बकरी भी बरामद हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

